मऊगंज जन विश्वास शिविर: पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ, MLA प्रदीप पटेल ने अधिकारियों को दिए निर्देश

पिपराही में जन विश्वास शिविर: लापरवाही पर कलेक्टर की दो टूक- हितग्राहियों के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पट्टों का भी वितरण

मऊगंज जन विश्वास शिविर: पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ, MLA प्रदीप पटेल ने अधिकारियों को दिए निर्देश

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट। 

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सीएफटी भवन पिपराही में जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक प्रदीप पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा और कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे, जिला पंचायत CEO सृष्टि देशमुख ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।

योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचे- विधायक 

विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय-सीमा में पहुंचाना अधिकारियों का दायित्व है। ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए।

अभियान से गांव में हो रहा त्वरित निराकरण

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार की लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी और आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं पात्र हितग्राहियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

कलेक्टर सख्त, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने स्पष्ट कहा कि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने राजस्व, पेंशन, छात्रवृत्ति और आहार अनुदान संबंधी आवेदनों पर समय-सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही नल-जल योजना के निर्माणाधीन कार्य शीघ्र पूर्ण करने, छूटे हुए टोलों को योजना से जोड़ने और बंद हैंडपंपों को सुधारने के लिए कहा।

उद्यमियों से संवाद, प्रशासन देगा सहयोग

शिविर के दौरान विधायक पटेल, जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्रा, कलेक्टर ओगरे और जिला पंचायत सीईओ सृष्टि देशमुख ने स्थानीय उद्यमियों प्रकाश सिंह और रवि सिंह से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव सुने। उद्यमियों ने बताया कि शासन की योजनाओं से मिली आर्थिक सहायता से व्यवसाय स्थापित करने में मदद मिली है। विधायक ने कहा कि स्थानीय रोजगार बढ़ाने के लिए उद्यमिता को प्रोत्साहित करना जरूरी है। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि उद्योगों के विस्तार के लिए विभागीय अनुमतियों में प्रशासन पूरा सहयोग करेगा।

स्टॉलों का निरीक्षण, हितलाभ वितरण 

शिविर में विधायक, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और सीईओ ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत हितलाभ प्रदान किए गए और स्वामित्व योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को पट्टों का वितरण किया गया। आवासीय भूमि के दस्तावेज मिलने से हितग्राहियों को अपनी संपत्ति पर वैधानिक अधिकार प्राप्त हुआ। इस अवसर पर अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।