'नशे से दूरी है बहुत जरूरी', Mauganj में पुलिस की पहल

सीएम राइज विद्यालय गौरी में आयोजित किया गया जन जागरूकता कार्यक्रम

'नशे से दूरी है बहुत जरूरी', Mauganj में पुलिस की पहल

मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी 

युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस ने विशेष नशा मुक्ति अभियान शुरू किया है। शाहपुर थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में शासकीय सीएम राइज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गौरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और स्कूल स्टाफ मौजूद रहे। थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा और समाज के भविष्य को खोखला कर देता है। एक बार की लत पूरे जीवन को अंधकार में डाल सकती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने सपनों को नशे की भेंट न चढ़ाएं और खेल, पढ़ाई और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ें।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने हाथ उठाकर शपथ ली कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने मित्रों और परिवार को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। पुलिस और विद्यालय प्रशासन की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना है। अधिकारियों का मानना है कि ऐसे अभियान लगातार चलें तो मऊगंज को नशामुक्त बनाना संभव होगा।