MP News: युवाओं के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाएगी सरकार, CM डॉ. मोहन यादव की बड़ी घोषणा
पन्ना दौरे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में युवाओं के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा की। साथ ही 184.83 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण, सांदीपनि विद्यालय, पन्ना मेडिकल कॉलेज और केन-बेतवा परियोजना पर भी बड़ी बातें कहीं।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं, शिक्षा, रोजगार और विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। पन्ना जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश के चारों प्रमुख शहरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में युवाओं की शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के हितों की रक्षा के लिए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है, जिससे शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों का जल्द समाधान हो सके।
184.83 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पन्ना जिले को 184.83 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने कई परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसके अलावा 35 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों के खातों में 210 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर की।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने श्री जुगल किशोर मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
पन्ना मेडिकल कॉलेज अगले साल होगा शुरू
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पन्ना मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण अगले वर्ष किया जाएगा। इससे क्षेत्र के छात्रों को मेडिकल शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा और नीट अभ्यर्थियों को डॉक्टर बनने का सपना पूरा करने में मदद मिलेगी।
बुंदेलखंड बदलेगा, किसानों को मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना बुंदेलखंड की तस्वीर बदल देगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने इस परियोजना के लिए लगभग 1 लाख करोड़ रुपये की योजना में 90 प्रतिशत वित्तीय सहायता देने की मंजूरी दी है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी जमीन बेचने का विचार न करें। आने वाले समय में यह क्षेत्र कृषि उत्पादन के मामले में पंजाब और हरियाणा को भी पीछे छोड़ सकता है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने पन्ना के प्रसिद्ध बृहस्पति कुंड में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से बने ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह नया पर्यटन आकर्षण देश-विदेश के पर्यटकों को पन्ना की ओर आकर्षित करेगा।
सांदीपनि विद्यालयों पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुन्नौर और पवई में करीब 74 करोड़ रुपये की लागत से दो सांदीपनि विद्यालय बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा दी जा रही है और इन्हें देश के सर्वश्रेष्ठ सरकारी विद्यालयों के रूप में विकसित किया जा रहा है।
युवाओं को रोजगार और नई भर्तियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में 10 हजार नए पदों को मंजूरी दी है। पिछले वर्ष 8 हजार पदों पर भर्ती की गई थी। प्रदेश में अब तक एक लाख से अधिक शासकीय पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार कृषि, डेयरी, मत्स्य पालन, पर्यटन और औद्योगिक निवेश के माध्यम से भी रोजगार के नए अवसर तैयार कर रही है।
यूसीसी पर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समान नागरिक संहिता (UCC) का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने यूसीसी विधेयक को मंजूरी दी है और विधानसभा से भी इसे पारित कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी नागरिकों के लिए समान कानून लागू करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
- भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में युवाओं के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे।
- जुगल किशोर मंदिर में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
- महाराज छत्रसाल स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाएगा।
- बृजपुर में नए महाविद्यालय की स्थापना होगी।
- सड़क और पुल निर्माण के नए कार्य शुरू किए जाएंगे।
- अगले वर्ष पन्ना मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया जाएगा।

