Indore Metro Inauguration : इंदौर मेट्रो का बड़ा विस्तार! अब 17.5 KM तक सफर, CM यादव और मंत्री खट्टर करेंगे शुभारंभ
Indore Metro Inauguration : नए रूट पर यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी। इस कॉरिडोर पर रोजाना 80 से अधिक फेरे लगाए जाएंगे।
Indore Metro Inauguration : मध्य प्रदेश। इंदौर में मेट्रो सेवा अब बड़े रूट पर दौड़ने जा रही है। गांधी नगर से मालवीय नगर चौराहा यानी रेडिसन होटल चौराहा तक करीब 17.5 किमी लंबे कॉरिडोर का शुभारंभ 5 सितंबर को होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर विजय नगर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शाम 4 बजे विस्तारित सेवा का उद्घाटन करेंगे। आम यात्रियों के लिए सेवा 6 सितंबर से शुरू होगी।
हर 15 मिनट में मिलेगी मेट्रो
नए रूट पर यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी। इस कॉरिडोर पर रोजाना 80 से अधिक फेरे लगाए जाएंगे। दोनों दिशाओं में पहली ट्रेन सुबह 9 बजे और आखिरी ट्रेन शाम 7 बजे चलेगी। इससे शहर के प्रमुख इलाकों के बीच सार्वजनिक परिवहन की सुविधा और बेहतर होने की उम्मीद है।
16 स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक एलिवेटेड कॉरिडोर पर 16 स्टेशन बनाए गए हैं। मेट्रो सुपर कॉरिडोर, एमआर-10, आईएसबीटी, चंद्रगुप्त मौर्य प्रतिमा, हीरा नगर, बापट चौराहा, मेघदूत गार्डन और विजय नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। अभी गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर-3 तक करीब 6.3 किमी हिस्से में सेवा चल रही है।
डिजिटल टिकट और आधुनिक सुविधाएं
मेट्रो ट्रेन पूरी तरह वातानुकूलित होगी। स्टेशनों पर CCTV, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, एस्केलेटर और लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध है। दिव्यांग यात्रियों के लिए भी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। यात्री एमपीएमआरसीएल के मोबाइल ऐप से टिकट ले सकेंगे। UPI और QR कोड से भुगतान की सुविधा भी मिलेगी।
टिकट पर मिल सकती है छूट
यात्रियों को प्रमोशनल ऑफर भी दिया जाएगा। रिटर्न जर्नी टिकट पर 5 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। मोबाइल ऐप के ई-वॉलेट में राशि रिचार्ज करने पर भी निर्धारित नियमों के अनुसार बोनस दिया जाएगा।
आगे खजराना और एयरपोर्ट तक विस्तार
रेडिसन चौराहे से खजराना चौराहे तक मेट्रो का निर्माण जारी है। एयरपोर्ट से जुड़े अंडरग्राउंड हिस्से के लिए खुदाई शुरू हो चुकी है। खजराना क्षेत्र में भी भूमिगत निर्माण की तैयारी चल रही है। इंदौर मेट्रो को आगे तीन चरणों में विकसित करने की योजना है।

