Shajapur Bus Accident : शाजापुर दर्दनाक हादसे में 32 यात्री घायल, ड्राइवर और क्लीनर की हालत गंभीर; दोनों इंदौर रेफर
Shajapur Bus Accident : शाजापुर के टुकराना जोड़ के पास 6 अगस्त देर रात तेज रफ्तार स्लीपर यात्री बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा घुसी। हादसे में 32 यात्री घायल हो गए इनमें ड्राइवर और क्लीनर की हालत गंभीर बताई गई है।
Shajapur Bus Accident : शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर के नेशनल हाईवे 52 पर एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस पूरी घटना में बस में सवार 32 यात्री सहित ड्राइवर-क्लीनर घायल हो गए, जिनका इलाज शाजापुर जिला अस्पताल में जारी है। ड्राइवर और क्लीनर की हालत गंभीर होने के चलते दोनों को इंदौर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार शाजापुर के टुकराना जोड़ के पास 6 अगस्त देर रात तेज रफ्तार स्लीपर यात्री बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा घुसी। हादसे में बस में सवार करीब 32 यात्री घायल हो गए इनमें ड्राइवर और क्लीनर की हालत गंभीर बताई गई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।

बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया
जानकारी के अनुसार पाटीदार ट्रैवल्स की स्लीपर बस गुना से इंदौर की ओर जा रही थी। इसी दौरान शाजापुर बायपास पर टुकराना जोड़ के समीप बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ड्राइवर बस के ही अंदर फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। वहीं क्लीनर भी इस हादसे में गंभीर घायल हुआ है।

पुलिस मामले की जांच कर रही
घटना की सूचना मिलते ही लालघाटी और सुनेरा थाना पुलिस की डायल-112 टीमें और हाईवे-1033 की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल शाजापुर पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल ड्राइवर और क्लीनर को इंदौर रेफर किया गया है। फिलहाल हादसे की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है पुलिस मामले की जांच कर रही है।


