गुना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने रेलवे ओवरब्रिज से लगाई छलांग, हालत गंभीर
गुना जिले में बजरंगगढ़ ओवर ब्रिज पर हुआ हादसा, NEET छात्रा ट्रैक पर गिरी, इलाज जारी और जांच में जुटी पुलिस
गुना से रिपोर्टर गौरव शर्मा।
गुना। जिले में बजरंगगढ़ रेलवे ओवरब्रिज से 19 वर्षीय युवती ने छलांग लगा दी और रेलवे पटरी पर खड़े एक रेलवे इंजन के सामने जा गिरी। गंभीर रूप से घायल युवती करीब 30 मिनट तक रेलवे ट्रैक पर तड़पती रही, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने मदद नहीं की। हादसा शनिवार सुबह करीब 7-8 बजे का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, जिस समय यह हादसा हुआ उस वक्त ट्रैक पर एक रेलवे इंजन खड़ा था, जबकि पास की दूसरी पटरी पर भी एक अन्य इंजन मौजूद था। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद लोको पायलट ने युवती को घायल अवस्था में देखा, लेकिन वह नीचे उतरकर उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया।
बुजुर्ग ने बचाई युवती की जान
करीब आधे घंटे बाद वहां से गुजर रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति की नजर गंभीर रूप से घायल और तड़पती हुई युवती पर पड़ी। उन्होंने तुरंत आगे बढ़कर उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण वह उठ नहीं सकी।

इसके बाद बुजुर्ग ने साहस दिखाते हुए आसपास के लोगों को जोर-जोर से आवाज देकर मदद के लिए बुलाया। उनके प्रयास के बाद मौके पर लोग जुटे और तुरंत एक ऑटो की व्यवस्था की गई। घायल युवती को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
NEET की तैयारी कर रही थी छात्रा
शुरुआती जानकारी के अनुसार, घायल युवती आरोन में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक की बेटी है। वह लंबे समय से नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी कर रही थी। परिजनों और दोस्तों से मिली जानकारी के मुताबिक, वह पिछले 5-6 दिनों से अपनी कोचिंग क्लास भी नहीं जा रही थी।

हालांकि, युवती ने यह कदम क्यों उठाया या उसके साथ क्या हुआ, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। सदमे में होने के कारण परिजनों ने भी अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
टीआई बोले- मामला संदिग्ध, जांच जारी
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि एक आरक्षक की बेटी ओवरब्रिज के पास घायल हुई है। प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला संदिग्ध लग रहा है। युवती खुद ओवरब्रिज से कूदी है या किसी अन्य हादसे का शिकार होकर नीचे गिरी है, इसकी जांच की जा रही है।

फिलहाल, युवती की हालत गंभीर है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके होश में आने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।
Varsha Shrivastava 
