भोपाल क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन: हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 2 शातिर बदमाश गिरफ्तार

भोपाल क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ 2 आरोपी पकड़ाए, मुंबई से हथियार सप्लाई का खुलासा

भोपाल क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन: हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 2 शातिर बदमाश गिरफ्तार

भोपाल क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गोविंदपुरा क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मुंबई से अवैध हथियार लाकर भोपाल में सप्लाई करते थे। फिलहाल क्राइम ब्रांच इस पूरे नेटवर्क और इनके अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर विस्तृत जांच जारी है।

4 देशी पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस, 3 मोबाइल फोन बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अदनान बेग उर्फ “पिस्टल” और रंजीत सिंह दांगी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 04 देशी पिस्टल, 04 जिंदा कारतूस, 03 मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन बरामद किया है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी किसी गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे और रंगमंच के पीछे संदिग्ध रूप से इकट्ठा हुए थे।

मुख्य आरोपी पर था 15 हजार रुपये का इनाम घोषित

मुख्य आरोपी अदनान बेग पर भोपाल के विभिन्न थानों में हत्या, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह 15 हजार रुपये का इनामी अपराधी भी है और स्थायी वारंटी होने के बावजूद लंबे समय से फरार चल रहा था। इसके साथ ही उसे जिला बदर किया गया था, फिर भी वह भोपाल में सक्रिय पाया गया, जिसके चलते उसके खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है।