फरार सटोरिये सतीश सनपाल की वेब सीरीज पर बढ़ा विवाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने नेटफ्लिक्स को भेजा नोटिस

Jabalpur के कथित सटोरिये सतीश सनपाल पर आधारित वेब सीरीज ‘देसी ब्लिंग’ को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि Netflix पर दिखाई जा रही इस सीरीज में आपराधिक मामलों में फरार आरोपी को ग्लैमरस और सफल कारोबारी के रूप में पेश किया गया है, जिससे युवाओं को गलत संदेश मिल सकता है।

फरार सटोरिये सतीश सनपाल की वेब सीरीज पर बढ़ा विवाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने नेटफ्लिक्स को भेजा नोटिस

जबलपुर के थानों में दर्ज मामलों में फरार चल रहे आरोपी को ग्लैमराइज करने का आरोप शिकायतकर्ता बोले अपराधियों का महिमामंडन कर युवाओं को दिया जा रहा गलत संदेश, मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के कई थानों में दर्ज आपराधिक मामलों में फरार चल रहे कथित अरबपति सटोरिये सतीश सनपाल पर आधारित एक वेब सीरीज को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।

ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर दिखाई जा रही देसी ब्लिंग नामक वेब सीरीज के खिलाफ राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में गंभीर शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस सीरीज के माध्यम से एक बड़े सट्टेबाज और अपराधी का महिमामंडन किया जा रहा है जिससे देश के युवाओं को बेहद गलत संदेश मिल रहा है।

मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान नेटफ्लिक्स से मांगा जवाब..
जबलपुर के रहने वाले योगेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में इस मामले को लेकर एक लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में साफ तौर पर कहा गया है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म के जरिए अपराधियों को समाज के सामने एक ग्लैमरस रूप में पेश किया जा रहा है जो कानून व्यवस्था के लिहाज से ठीक नहीं है। वेब सीरीज में सट्टेबाज सतीश सनपाल को एक लग्जरी लाइफस्टाइल जीने वाले और सफल अरबपति कारोबारी के रूप में दिखाया गया है जिससे समाज और खास तौर पर युवाओं के दिमाग पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने नेटफ्लिक्स को नोटिस जारी कर इस पर जवाब तलब किया है।

दुबई भागने और आलीशान जीवनशैली दिखाने का है पूरा मामला..
शिकायतकर्ता योगेंद्र सिंह का आरोप है कि सतीश सनपाल भारत में हवाला नेटवर्क फाइनेंस फ्रॉड और गैंबलिंग यानी अवैध सट्टेबाजी जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वह अचानक भारत छोड़कर दुबई भाग गया और वहां जाकर लग्जरी कारों और आलीशान जीवनशैली का प्रदर्शन करने लगा। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि सनपाल ने अपनी पत्नी को चालीस किलो सोना देने जैसी बातें भी सार्वजनिक रूप से कही थीं। इसके अलावा कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बॉलीवुड से जुड़े चेहरे भी उसके साथ कार्यक्रमों में दिखाई देते हैं जिससे उसे एक सफल और आदर्श व्यक्ति की तरह प्रस्तुत करने की कोशिश की जा रही है।

क्या देश के युवा अपराधियों को मानेंगे अपना आइकॉन शिकायतकर्ता ने उठाए सवाल..
योगेंद्र सिंह ने इस कंटेंट पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सवाल उठाया है कि क्या अब देश के युवाओं के सामने ऐसे लोगों को आदर्श के रूप में पेश किया जाएगा जो सट्टा फाइनेंशियल फ्रॉड और अवैध गतिविधियों के सहारे अमीर बने हैं। उन्होंने कहा कि नेटफ्लिक्स का यह कदम किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा क्योंकि ऐसी सीरीज देखने के बाद युवा शॉर्टकट तरीके से पैसा कमाने की ओर आकर्षित हो सकते हैं।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की सदस्य प्रियंका कानूनगो ने भी इस शिकायत की पुष्टि करते हुए कहा है कि वेब सीरीज में जुआ और सट्टे से जुड़ी जीवनशैली को आकर्षक रूप में दिखाया जाना चिंताजनक है और यही वजह है कि आयोग ने नेटफ्लिक्स को नोटिस भेजकर इस पर स्पष्टीकरण मांगा है।