पन्ना में रिटायर्ड डीएसपी से कथित बदसलूकी पर बवाल, इंदौर में पूर्व पुलिस अधिकारियों का विरोध
मध्य प्रदेश के पन्ना में वाहन चेकिंग के दौरान रिटायर्ड डीएसपी के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।
मध्य प्रदेश के पन्ना में वाहन चेकिंग के दौरान रिटायर्ड डीएसपी के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. घटना के विरोध में प्रदेशभर के पूर्व पुलिस अधिकारी एकजुट हो गए हैं और इंदौर में विरोध प्रदर्शन कर नाराज़गी जताई है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, पन्ना में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार को रोका, जिसे रिटायर्ड डीएसपी भारत सिंह चौहान का बताया जा रहा है. सीट बेल्ट नहीं लगाने पर पुलिस ने चालान किया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनके और उनकी पत्नी के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किया.
यह भी आरोप सामने आया है कि पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें कई घंटों तक थाने में बैठाए रखा और बाद में जमानत पर रिहा किया गया.
पूर्व पुलिस अधिकारियों में आक्रोश
घटना के बाद पूरे प्रदेश में रिटायर्ड पुलिस अधिकारियों में नाराजगी फैल गई. पूर्व डीजी, एडीजी, आईजी, डीआईजी और डीएसपी स्तर के अधिकारी इंदौर में एकत्र हुए और पुलिस कमिश्नर के माध्यम से डीजीपी को ज्ञापन सौंपा.
अधिकारियों ने पन्ना के पुलिस अधीक्षक के रवैये पर सवाल उठाते हुए इसे अनुचित और अपमानजनक बताया है. साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
पुलिस मुख्यालय की प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल इस मामले पर पुलिस मुख्यालय की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है. यह विवाद न सिर्फ एक घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की पुलिस कार्यप्रणाली और व्यवहार पर भी सवाल खड़े कर रहा है.
shivendra 
