मऊगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रघुवीर पटेल हत्याकांड के 7 आरोपी गिरफ्तार

मऊगंज पुलिस की कार्रवाई। रघुवीर पटेल हत्याकांड के 7 आरोपी गिरफ्तार। ढावा गौतमान गांव में पुलिस का पहरा। बिगड़े हालत में सुधार।

मऊगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रघुवीर पटेल हत्याकांड के 7 आरोपी गिरफ्तार
Raghuveer Patel Murder Maugunj

मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाबा गौतमान गांव में होली के दिन पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में रघुवीर पटेल की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुमारे साकेत, मनोज साकेत, राम प्रकाश, राममिलन साकेत, प्रमोद साकेत, संदीप साकेत और श्रीकांत साकेत शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते साकेत परिवार के लगभग दर्जन भर लोगों ने पटेल परिवार पर हमला कर दिया। दोनों पक्षों से लगभग आधा दर्जन लोग इस हमले में घायल हुए। गंभीर रूप से घायल रघुवीर पटेल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन बेहतर इलाज के लिए उन्हें रीवा रेफर किया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में तनाव फैल गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घर गिराने और उनकी गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने पूरे गांव में सुरक्षा बल तैनात कर दिया और क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। अधिकारियों की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार की अनुमति दी।

पुलिस ने इस मामले में कुल 15 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने भी गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फिलहाल, ढाबा गौतमान गांव में पुलिस बल तैनात है और हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। पुलिस ने ग्रामीणों को शांति बनाए रखने की अपील की है। एएसपी मऊगंज, विक्रम सिंह परिहार ने कहा कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है और दोषियों को न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।