राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ की तैयारी तेज, QR कोड से होगा 1 लाख छात्रों का पंजीयन
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारी तेज, 19 सितंबर को इंदौर में होगा बड़ा कार्यक्रम, QR कोड से होगा पंजीयन, भाजपा-आरएसएस नेताओं के छात्र बच्चों को भी देंगे निमंत्रण
इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने छात्रों के ऑनलाइन पंजीयन के लिए क्यूआर कोड जारी किया है। साथ ही भाजपा और आरएसएस नेताओं के छात्र बच्चों को भी कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण देने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल को लेकर हालांकि अभी भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’
दरअसल इंदौर में कांग्रेस ने राहुल गांधी के 19 सितंबर को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी की ओर से एक क्यूआर कोड जारी किया गया है, जिसके माध्यम से छात्र ऑनलाइन पंजीयन करा सकेंगे। कांग्रेस का लक्ष्य इंदौर में करीब एक लाख छात्रों का रजिस्ट्रेशन कराने का है। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा प्रभारी और कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया है तथा हर कार्यकर्ता को एक हजार छात्रों का पंजीयन कराने का लक्ष्य सौंपा गया है।
BJP-RSS नेताओं के छात्र बच्चों को भी न्योता
कार्यक्रम में इंदौर के अलावा उज्जैन, देवास, धार और खंडवा के छात्रों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि केवल कांग्रेस समर्थक छात्रों तक सीमित न रहें, बल्कि भाजपा और आरएसएस के नेताओं और पदाधिकारियों के उन बच्चों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित करें, जो छात्र हैं और देश के मुद्दों पर अपनी बात रखना चाहते हैं।
वहीं कार्यक्रम स्थल को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। रिजनल पार्क के सामने स्थित मैदान पर तैयारियां जारी हैं, जबकि यूनिवर्सिटी मैदान और शासकीय आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज के समीप मैदान भी विकल्प के रूप में चिन्हित किए गए हैं। इसके बावजूद कांग्रेस की पहली पसंद अब भी नेहरू स्टेडियम है। पार्टी का कहना है कि नगर निगम की ओर से अब तक नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम की अनुमति न देने संबंधी कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है।
Varsha Shrivastava 
