Rewa पुलिस ने पकड़ा 8 सील पैक पिस्टल का जखीरा, इंदौर नेटवर्क का खुलासा

रीवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 8 सील पैक पिस्टल जब्त की हैं। शुरुआती जांच में अवैध हथियारों के नेटवर्क के तार इंदौर से जुड़े होने की बात सामने आई है।

Rewa पुलिस ने पकड़ा 8 सील पैक पिस्टल का जखीरा, इंदौर नेटवर्क का खुलासा

रीवा. विंध्य क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर रीवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 सील पैक आधुनिक पिस्टल जब्त की हैं। शुरुआती जांच में इस नेटवर्क के तार इंदौर से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, आईजी गौरव राजपूत को मुखबिर से अवैध हथियारों की खेप रीवा पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी डॉ. गुरकरण सिंह के निर्देश पर सीएसपी ऋतु उपाध्याय, चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला, सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह, आईजी साइबर सेल प्रभारी मृगेंद्र सिंह और उनकी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से 8 सील पैक पिस्टल बरामद हुईं। पुलिस का दावा है कि विंध्य क्षेत्र में अब तक एक साथ इतनी बड़ी संख्या में आधुनिक पिस्टल की यह पहली बड़ी बरामदगी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इंदौर से हथियार लाकर रीवा और आसपास के जिलों में सप्लाई करने की तैयारी में थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।

फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।