रीवा: फरार सरपंच ने कोर्ट में किया सरेंडर, जमानत याचिका खारिज, भेजा गया सेंट्रल जेल

रीवा के ग्राम पंचायत सथिनी के सरपंच सनी द्विवेदी ने कोर्ट में सरेंडर किया। जमानत याचिका खारिज होने के बाद न्यायालय ने उन्हें सेंट्रल जेल रीवा भेज दिया।

रीवा: फरार सरपंच ने कोर्ट में किया सरेंडर, जमानत याचिका खारिज, भेजा गया सेंट्रल जेल

रीवा। जिले के सिरमौर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत सथिनी के सरपंच सनी द्विवेदी उर्फ ससनी समदड़िया को न्यायालय के आदेश पर सेंट्रल जेल रीवा भेज दिया गया है। सरपंच के लंबे समय से फरार रहने के कारण ग्राम पंचायत के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे थे, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

जानकारी के अनुसार, सरपंच के हस्ताक्षर नहीं होने से जन्म प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र सहित संबल योजना के अंतर्गत मिलने वाली अनुग्रह सहायता से जुड़े कई कार्य लंबित पड़े हुए थे। इसके चलते हितग्राहियों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।

बताया गया है कि सरपंच सनी द्विवेदी के खिलाफ सगरा थाना में गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296(बी), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 45/2026 दर्ज किया है। इस मामले के फरियादी राहुल मिश्रा निवासी मुड़ियारी बताए गए हैं।

मामले में नया मोड़ तब आया जब 1 जून 2026 को आरोपी सरपंच ने रीवा न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी और जेल वारंट जारी करते हुए उन्हें सेंट्रल जेल रीवा भेजने के निर्देश दिए।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और न्यायालय के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।