सतना केंद्रीय जेल से उम्रकैद का बंदी फरार, शौचालय जाने के बाद नहीं लौटा; तलाश में जुटी पुलिस

सतना केंद्रीय जेल से हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा 52 वर्षीय अच्छेलाल प्रजापति फरार हो गया. गौशाला ड्यूटी के दौरान शौचालय जाने के बाद वह वापस नहीं लौटा.

सतना केंद्रीय जेल से उम्रकैद का बंदी फरार, शौचालय जाने के बाद नहीं लौटा; तलाश में जुटी पुलिस

सतना। केंद्रीय जेल से हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा 52 साल का बंदी अच्छेलाल प्रजापति फरार हो गया. बंदी को जेल की गौशाला में काम के लिए भेजा गया था. इसी दौरान वह मंदिर के पास बने शौचालय में जाने के बाद वापस नहीं लौटा. करीब 20 मिनट तक तलाश के बाद उसके फरार होने की जानकारी सामने आई. 

घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने पुलिस को जानकारी दी. कोलगवां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बंदी की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों और आसपास के इलाकों में तलाश कर रही हैं.

हत्या के मामले में काट रहा था उम्रकैद की सजा

जेल अधीक्षक लीना कोस्टा के अनुसार, अच्छेलाल प्रजापति निवासी पडक्का नादनटोला, अमरपाटन हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था. उसे सत्र प्रकरण क्रमांक 269/2013 में IPC की धारा 302 के तहत 14 अक्टूबर 2014 को अपर सत्र न्यायाधीश, अमरपाटन की अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी.

वह करीब 13 साल से केंद्रीय जेल सतना में बंद था.

शौचालय गया, 20 मिनट बाद भी नहीं लौटा

जानकारी के मुताबिक जेल मुख्यालय के आदेश के तहत अच्छेलाल को गौशाला कमान में ड्यूटी के लिए भेजा गया था. इसी दौरान वह दोपहर करीब 11 से 12 बजे के बीच मंदिर के पास बने शौचालय की ओर गया. करीब 20 मिनट तक वापस नहीं लौटने पर प्रहरी ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो जेल प्रशासन को उसके फरार होने की जानकारी हुई.

15 बार मिल चुका था अस्थाई मुक्ति अवकाश

जेल प्रशासन के मुताबिक अच्छेलाल को वर्ष 2021 से अस्थाई मुक्ति अवकाश मिलता रहा है. अब तक वह करीब 15 बार इस सुविधा का लाभ ले चुका था. वहीं, वर्ष 2022 से उसे जेल मुख्यालय के आदेश पर बाहर कमान के तहत गौशाला में काम के लिए भेजे जाने की जानकारी सामने आई है.

निगरानी व्यवस्था पर भी उठे सवाल

बंदी के फरार होने के बाद जेल की ड्यूटी और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। जेल प्रशासन की ओर से कहा गया है कि फरारी की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और बंदी की तलाश के लिए अलग-अलग दिशाओं में टीमें रवाना की गई हैं.

जेल प्रशासन के मुताबिक मामले में लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वहीं कोलगवां थाना पुलिस मामले की जांच के साथ फरार बंदी की तलाश में जुटी है.

फिलहाल पुलिस बंदी के संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश कर रही है. बंदी के पकड़े जाने के बाद ही उसके फरार होने की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.