नशे में चोर दुकान में ही सो गया, चोरी का सामान बरामद कर पुलिस ने भेजा जेल

नशे में धुत चोर दुकान में चोरी करने के दौरान वहीं सो गया, जिसके बाद दुकानदार ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

नशे में चोर दुकान में ही सो गया, चोरी का सामान बरामद कर पुलिस ने भेजा जेल

रिपोर्टर- अमित उपाध्याय

सतना:  युवक अपने साथियों के साथ चोरी करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक दुकान में घुसा। वारदात के दौरान अत्यधिक नशे का सेवन किए जाने की वजह से वह दुकान में ही सो गया, जबकि बाकी साथी चोरी का सामान लेकर भाग गए। दुकान खुलने पर दुकानदार की नजर सो रहे चोर पर गई, जिसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया था।

इस संबंध में सिटी कोतवाली टीआई रावेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि खेरमाई रोड में बिहारीलाल मंघनानी की बिहारी ट्रेडर्स के नाम से इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है। रविवार को बिहारीलाल ने दुकान खोला, दुकान के अंदर एक संदिग्ध युवक सो रहा था। दुकान में रखा कीमती सामान गायब था। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पूछताछ में आरोपी शिवम कोल उर्फ शिब्बू पिता भोला कोल निवासी पुष्पराज कॉलोनी मीरा टावर के पास ने बताया कि वह मेडिकल नशे का आदी है। रविवार रात इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चोरी करने के दौरान वह अत्यधिक नशे में था। नशे की वजह से चोरी करते समय उसे नींद आ गई और वह फर्श पर लेटकर सो गया।

पूछताछ में आरोपी शिवम ने चोरी की घटना में शामिल अपने साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। आरोपी की निशानदेही पर एसी का आउटडोर और फ्रिज के चार कम्प्रेशर बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में एएसआई सुमित मरावी, आरक्षक अजीत सिंह और रमाकांत शर्मा शामिल रहे।