'गोली खाकी पर चलेगी': हिस्ट्रीशीटर बंटा के बाद साथी ने भी दी पुलिस को चुनौती
एयरफोर्स अधिकारी के घर में पथराव, वाहनों में तोड़फोड़ और पांच राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले हिस्ट्रीशीटर बंटा और उसके साथी लगातार अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पुलिस को धमकियां दे रहे हैं। रविवार को हिस्ट्रीशीटर बंटा इंस्टाग्राम लाइव पर अपने परिचित से बात करते हुए कह रहा था कि पुलिस ट्रैक करके दिखाए, मोबाइल चालू है, लोकेशन ऑन है। इस बार तैयारी पूरी है, इस बार गोली खाकी पर चलेगी।
रिपोर्टर- अमित उपाध्याय
सतना: कानून-व्यवस्था बनाए रखने का जिम्मा उठाने वाली खाकी वर्दी को खुली चुनौती देने वाले हिस्ट्रीशीटर की धमकी के अगले दिन उसके साथी ने सोशल मीडिया अकाउंट पर अवैध असलहे के साथ तस्वीर पोस्ट कर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। पोस्ट में लिखा कि तैयारी पुलिस के लिए है। इस तरह की पोस्ट से पुलिस की साख दांव पर लग गई है। अपनी साख बचाने के लिए पुलिस अपने स्तर पर प्रयासरत है, बावजूद इसके अब तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल पाई है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों हिस्ट्रीशीटर बंटा उर्फ अमित सोनी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घूरडांग निवासी एयरफोर्स अधिकारी रामदास सिंह के घर पर फायरिंग की थी। घटना के समय उनका बेटा हर्ष सिंह अपने साथियों के साथ मौजूद था। फायरिंग करने वाले बदमाशों ने वाहनों में तोड़फोड़ कर घर में पथराव भी किया था।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फरारी के दौरान हिस्ट्रीशीटर बंटा ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर अपने करीबी से कहा कि इस बार गोली खाकी पर चलेगी। यह वीडियो वायरल होने पर पुलिस सक्रिय हुई, लेकिन नतीजा कुछ भी नहीं निकला।
इस बीच, हिस्ट्रीशीटर बंटा के साथ घटना में शामिल अमर सिंह परिहार अकौना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह बंटा के साथ एक चारपाई पर पिस्टल लेकर बैठा नजर आ रहा है। इस तस्वीर के साथ उसने लिखा कि यह पुलिस के लिए तैयारी है।
एक के बाद एक गुंडे-बदमाश अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं, बावजूद इसके पुलिस अब तक उन्हें ट्रेस नहीं कर पाई है।
बताया गया कि हिस्ट्रीशीटर बंटा के विरुद्ध 28 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है। जिला बदर की अवधि पूरी होने के 11वें दिन उसने घूरडांग में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।

