सतना में 6 घंटे 30 मिनट में 50 लाख की चोरी, सराफा कारोबारी का सूना घर बना निशाना
सतना में सराफा कारोबारी के सूने घर में महज 6 घंटे 30 मिनट के भीतर 50 लाख रुपए की चोरी। छत के रास्ते घुसे चोर, CCTV में संदिग्ध कैद, पुलिस जांच में जुटी।
सतना। शहर के सिटी कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक सराफा कारोबारी के सूने घर को निशाना बनाते हुए महज 6 घंटे 30 मिनट के भीतर करीब 50 लाख रुपए की नगदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब कारोबारी अपने परिवार के साथ घूमने गया हुआ था।
जानकारी के अनुसार पुराना पावर हाउस के पास राज होम्स की गली स्थित आस्था कुटी निवासी विपुल जैन (31) की पुराना पावर हाउस चौक पर एचबी ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। रविवार को दुकान बंद रहने के कारण दोपहर करीब 3 बजे वह परिवार के साथ उचेहरा क्षेत्र के इचौल घूमने निकल गया था। रात करीब 9:30 बजे लौटने पर घर के अंदर चोरी का पता चला।
छत के रास्ते घर में घुसे चोर
प्राथमिक जांच में सामने आया कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। उन्होंने छत के दरवाजे में लगा कांच तोड़कर प्रवेश किया और घर के एक-एक कमरे की तलाशी ली। आलमारियां और पेटियां खोलकर उनमें रखी नगदी और जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
दो कमरों की आलमारी खंगाली
पीड़ित विपुल जैन ने बताया कि घर पहुंचने पर सबसे पहले मां के कमरे की आलमारी खुली मिली, जिसमें रखे जेवर और नकदी गायब थे। इसके बाद बड़े भाई के कमरे की आलमारी भी खुली मिली, जहां से भी सोने-चांदी के आभूषण और रुपए चोरी हो चुके थे।
CCTV में कैद हुआ संदिग्ध
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी एवं डीएसपी रावेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति का फुटेज मिला है। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान और तलाश की जा रही है।
जानकार पर भी पुलिस को शक
पुलिस का मानना है कि चोरी की वारदात में किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ हो सकता है, जिसे घर की बनावट और अंदर की स्थिति की पूरी जानकारी थी। इसी आधार पर परिवार से जुड़े लोगों और परिचितों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
50 लाख से ज्यादा का सामान चोरी
पीड़ित के अनुसार चोर घर से करीब 60 हजार रुपए नकद के अलावा सोने और चांदी के कीमती आभूषण ले गए। इनमें सोने का हार, कड़े, कंगन, चूड़ियां, 15 अंगूठियां, 6 जोड़ी टॉप्स, जेंट्स अंगूठियां, ब्रेसलेट, मंगलसूत्र, चैन, पेंडल, 14 जोड़ी चांदी की पायल और 16 जोड़ी बिछिया शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत 50 लाख रुपए से अधिक बताई गई है।
कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 620/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 331(4) और 305ए के तहत मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
Anubhav Dubey 
