घर के बाहर खेलते-खेलते लापता, 8 साल के बच्चे का जंगल में मिला शव

24 घंटे की तलाश के बाद पहाड़ी जंगल में मिली बच्चे की क्षत-विक्षत लाश, जंगली जानवर के हमले की आशंका

घर के बाहर खेलते-खेलते लापता, 8 साल के बच्चे का जंगल में मिला शव

सतना। जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के पिंडरा से लापता बालक की क्षत-विक्षत लाश घने जंगल में मिलने से सनसनी फैल गई, जिस पर मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई है। प्रथम दृष्टया जंगली जानवर के द्वारा हमला किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार की शाम को तकरीबन 5 बजे नितिन पुत्र लल्लू यादव 8 वर्ष, घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक गायब हो गया। कुछ देर तक जब वह कहीं नहीं दिखा तो परिजन गांव में तलाश करने लगे, लेकिन बालक का कुछ पता नहीं चला, लिहाजा पुलिस को सूचना देकर माता-पिता समेत ग्रामीणजन आसपास के जंगल में भी सर्चिंग करने लगे, पर तब भी निराशा ही हाथ लगी।

दूसरे दिन खत्म हुई सर्चिंग, तेंदुआ बाहुल्य इलाका

गुरुवार की सुबह एक बार फिर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन प्रारंभ किया गया, जिसमें पुलिस, डॉग स्क्वाड और वन विभाग की टुकड़ी भी शामिल थी। अंतत: 24 घंटे बाद देर शाम करीब गांव से करीब 500 मीटर दूर पहाड़ी से लगे जंगली इलाके में बालक का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला, जिसे देखते ही माता-पिता बदहवास हो गए, तो ग्रामीणजन भी सकते में आ गए। बच्चे का सिर और कमर के नीचे का हिस्सा अलग-अलग जगह पड़े थे, जबकि पेट का हिस्सा गायब था। देर शाम पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेते हुए मरचुरी भेज दिया गया।

इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने पर पता चला कि इस इलाके में तेंदुओं की मौजूदगी काफी ज्यादा है। शव की हालत को देखते हुए जंगली जानवर के हमले की आशंका सर्वाधिक है, हालांकि पूरी स्थिति शव और घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।