गोली जैसी आवाज निकालने वाले 150 मॉडीफाइड साइलेंसर पर चला रोड रोलर,

सतना ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बुलेट के तेज आवाज वाले साइलेंसर किए गए नष्ट, वाहन चालकों से वसूला गया जुर्माना

गोली जैसी आवाज निकालने वाले 150 मॉडीफाइड साइलेंसर पर चला रोड रोलर,

सतना। बुलेट में बंदूक की गोली की आवाज निकालने जैसा साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पिछले दिनों चलाए गए अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने 150 से ज्यादा मॉडीफाइड तेज आवाज करने वाले साइलेंसरो को जब्त किया था। गुरूवार को ट्रैफिक थाने में जब्त मॉडीफाइड साइलेंसर पर रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया गया।

इस संबंध में डीएसपी ट्रैफिक संजय खरे ने बताया कि बुलेट में मॉडीफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने और उससे गोली जैसी आवाज निकालने वाले कई दो पहिया वाहन चालकों के बारे में शिकायते मिल रही थी। गोली जैसी आवाज चलने से आसपास के लोग सहम जाते थे। लिहाजा विशेष अभियान चलाकर बुलेट व स्पोर्ट बाइक में मॉडीफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई के दौरान 150 से ज्यादा मॉडीफाइड साइलेंसर जब्त किए गए। गुरूवार को जब्त मॉडीफाइड साइलेंसर पर रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया गया। बताया गया कि मॉडीफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों से पांच- पांच हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया था। इस दौरान रक्षित निरीक्षक देविका सिंह बघेल, ट्रैफिक प्रभारी पूनम रावत, सूबेदार रामदेवी राय और अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।