50 हजार में खरीदा 4 लाख का गांजा: पुलिस ने 32 किलो से ज्यादा माल किया जब्त
सतना में नशे के कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, 3 लाख 21 हजार का गांजा जब्त; एक गिरफ्तार
सतना। पूरे विंध्य में नागौद अनुभाग का पोड़ी कस्बा गांजा, शराब और नशीली दवाओं की तस्वीरों के लिए कुख्यात है। पोड़ी निवासी जस्सा उर्फ अनूप जायसवाल पिछले दो दशक से नशे के कारोबार में संलिप्त है। अब जस्सा के कई शागिर्द खुद का नेटवर्क तैयार कर नशे के कारोबार में उतर आए हैं।
गुरूवार- शुक्रवार की दरम्यानी रात नागौद पुलिस ने एक घर में दबिश देकर 3 लाख 21 हजार 500 रुपए कीमत का 32 किलो 150 ग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गांजा भंडारित कराने में मुख्य भूमिका निभाने वाला फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
आधी रात पुलिस ने की छापेमारी
इस संबंध में नागौद थाना प्रभारी मनोज कुमार सोनी ने बताया कि गुरूवार की रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि डुड़हा गांव में संत कुमार के घर में काफी मात्रा में मादक पदार्थ गांजा का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डुड़हा गांव में दबिश देकर संदेही के घर की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान निर्माणाधीन मकान के एक कमरे में नीले, काले कलर की प्लास्टिक के झाल और एक प्लास्टिक संतरे के कलर की प्लास्टिक की बोरी की तलाशी ली गई, जिसमें 30 पैकेट मिले। इन पैकेटों में गांजा भरा हुआ था। तौल कराने में पैकेटों में 32 किलो 150 ग्राम गांजा पाया गया। गांजा जब्त कर आरोपी संत कुमार पाल पिता भगवानदीन पाल 28 वर्ष निवासी डुड़हा को गिरफ्तार कर लिया गया।
गुुंंडा ने दिया था ऑफर
आरोपी संत कुमार पाल ने पुलिस को बताया कि तकरीबन 20 दिन पहले गुंडा उर्फ अमरजीत कोल मिला, जो पूर्व से परिचित है। उसने कहा कि एक व्यक्ति मिलने आया था। उसने कहा है कि पैसा कमाना है तो मेरे पास रखे गांजा के कुछ पैकेट सस्ते में दे दूंगा। कुछ पैसे पहले देने पड़ेंगे। गांजा बिक्री के बाद बाकी पैसे देने होंगे। गुंडा उर्फ अमरजीत की बातों में आकर 50 हजार रुपए का इंतजाम मिलकर किया।
50 हजार रुपए देकर 40 पैकेट गांजा खरीदा गया। इसका भंडारण अपने घर में किया। दो पैकेट गांजा आसपास के गांव में बिक्री कर दिया जबकि गुंडा उर्फ अमरजीत बिक्री के लिए 8 पैकेट गांजा अपने साथ ले गया। गुंडा उर्फ अमरजीत भी डुड़हा गांव का रहने वाला है। थाना प्रभारी नागौद मनोज सोनी ने बताया कि फरार आरोपी गुंडा उर्फ अमरजीत की तलाश की जा रही है।
15 से 20 लाख का गांजा पकड़ा गया
डुड़हा गांव में सवा तीन लाख रुपए के गांजा जब्त कर व एक आरोपी की गिरफ्तारी के 24 घंटे के अंदर ही नागौद पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई शुक्रवार की रात की। बताया गया कि नागौद पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर एक जगह दबिश देकर तकरीबन 15 से 20 लाख रुपए कीमत का गांजा जब्त किया है। कुछ आरोपी भी पकड़े गए हैं, हालांकि कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा अभी पुलिस के द्वारा नहीं दिया गया है।
Varsha Shrivastava 
