सतना रेलवे कॉलोनी: हवाई फायरिंग के बाद युवक को मारी गोली, रेलकर्मी पर आरोप

रेलवे कॉलोनी में गोलीकांड से मचा हड़कंप, रेलकर्मी का भाई घायल; आरोपी की तलाश जारी, जांच में जुटी जीआरपी, रेल कर्मी पर गोली चलाने का आरोप

सतना रेलवे कॉलोनी: हवाई फायरिंग के बाद युवक को मारी गोली, रेलकर्मी पर आरोप

सतना। रेलवे कालोनी में हवाई फायरिंग के बाद युवक पर गोली चलाने की वारदात सामने आई। गोली चलने से रेलकर्मी का भाई घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। गोली चलाने का आरोप रेल कर्मी पर है। घटना की जानकारी लगने पर जीआरपी और आरपीएफ घटना स्थल पर पहुंची। जीआरपी के द्वारा घायल का बयान लेकर कार्रवाई की जा रही है।

भाई से मिलने आया था सतना

जीआरपी चौकी प्रभारी राजेश राज ने बताया कि गोलीकांड में घायल रूपचंद यादव 38 वर्ष का भाई मदन गोपाल यादव सीएनडब्ल्यू में पदस्थ है, इसी विभाग में कथित आरोपी सुनील कुमार चौधरी भी सीनियर टेक्नीशियन के पद पर पदस्थ है।

घायल रूपचंद का कहना है कि वह भाई से मिलने रेलवे कालोनी आया था। भाभी के कहने पर उन्हें लेकर बाजार खरीददारी के लिए जा रहा था। रास्ते में सुनील ने रुकवाया और गाली-गलौज करते हुए कटटे से फायर किया। अचानक हुए घटनाक्रम के बीच हाथ लगाने पर गोली कलाई को छूते हुए निकल गई।

जमीनी विवाद या कुछ और

जीआरपी ने बताया कि गोलीकांड में घायल रूपचंद यादव का भाई मदनलाल सतना रेलवे में कार्यरत है। कहा जा रहा है कि सतना रेलवे की सीएनडब्लयू में पदस्थ सीनियर टेक्नीशियन सुनील कुमार चौधरी भी इस विभाग में पदस्थ है। चर्चा है कि दोनों के बीच जमीन की खरीदी-बिक्री को लेकर दोनों के बीच लम्बे अर्से से विवाद चला आ रहा है।

जीआरपी चौकी में पदस्थ पुलिस कर्मियों के अनुसार दो माह पहले गोलीकांड के आरोपी बताए जा रहे रेलकर्मी सुनील की पत्नी ने घायल रूपचंद के भाई असिस्टेंट टेक्नीशियन मदन गोपाल पर छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जीआरपी के द्वारा घटना की जांच की जा रही है। गोलीकांड का कथित मास्टर माइंड रेलकर्मी सुनील फरार बताया जा रहा है।