Satna में चारपाई पर अस्पताल पहुंची बुजुर्ग

सतना के रामपुरा गांव में बदहाल सड़क के कारण एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। पैरालिसिस पीड़ित बुजुर्ग महिला को ग्रामीण डेढ़ किमी चारपाई पर लेकर मुख्य सड़क तक पहुंचे।

Satna में चारपाई पर अस्पताल पहुंची बुजुर्ग

सतना। जिले के कोठी तहसील क्षेत्र के रामपुरा गांव में बदहाल सड़क के कारण एक बुजुर्ग महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए चारपाई का सहारा लेना पड़ा। पैरालिसिस से पीड़ित प्रेमवती त्रिवेदी की तबीयत बिगड़ने पर एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें चारपाई पर लिटाकर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद गांव की सड़क व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। रामपुरा गांव ग्राम पंचायत गौरैया के अंतर्गत आता है और यहां करीब 100 परिवार रहते हैं। गांव तक पहुंचने वाली लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क बारिश के दिनों में कीचड़ और फिसलन से भर जाती है। ऐसे में एंबुलेंस और दूसरे वाहनों का गांव तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 20 साल पहले लोक निर्माण विभाग ने यहां डब्ल्यूबीएम सड़क का निर्माण कराया था। इसके बाद लंबे समय तक मरम्मत नहीं होने से सड़क धीरे-धीरे उखड़ गई और अब कच्चे रास्ते में बदल चुकी है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मांग की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। रामपुरा गांव नगरीय विकास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के विधानसभा क्षेत्र में आता है।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को होती है। आपात स्थिति में उन्हें चारपाई या दूसरे साधनों से मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पक्की सड़क बनवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।