रीवा के होटल में पत्नी ने पति को दूसरी युवती के साथ पकड़ा, मचा हंगामा
रीवा के समान थाना क्षेत्र के एक निजी होटल में पत्नी ने अपने पति को दूसरी युवती के साथ देखने के बाद जमकर हंगामा किया। मामला थाने पहुंचा, जहां पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।
रीवा। शहर के एक निजी होटल में उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक महिला ने अपने पति को दूसरी युवती के साथ देख लिया। इसके बाद होटल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। विवाद के दौरान महिला ने अपने पति की पिटाई भी कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
पूरा मामला रीवा के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत पंगत होटल का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, सीधी जिले का रहने वाला एक युवक होटल में एक युवती के साथ मौजूद था। इसी दौरान उसकी पत्नी वहां पहुंच गई। पति को दूसरी युवती के साथ देखकर महिला भड़क गई और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
होटल में शोर-शराबा सुनकर वहां मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। हंगामे के बाद महिला अपने पति को लेकर समान थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
महिला के मुताबिक, दोनों ने पिछले साल 3 जुलाई को कोर्ट मैरिज की थी और दोनों सीधी जिले के रहने वाले हैं। महिला का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उसका पति सिम बदलकर उससे छिप रहा था। उसे शक था कि उसका पति दूसरी लड़कियों से बात करता है। इसी बीच उसे पति के होटल में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद वह वहां पहुंची।
वहीं, युवक के साथ मौजूद युवती ने दावा किया कि उसकी पहचान युवक से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। युवती के अनुसार, युवक ने खुद को अविवाहित बताया था। युवती ने यह भी दावा किया कि युवक ने मंदिर में उसकी मांग भरी थी।
मामला फिलहाल समान थाने पहुंच चुका है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटा रही है। घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है।
Anubhav Dubey 
