महिलाओं के पर्स-बैग लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार : तीसरे की तलाश, 95 हजार रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त
Satna Purse Snatching : पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ के बाद लूट की रकम और वारदात में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की गई। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
Satna Purse Snatching : मध्य प्रदेश। सतना शहर में मोटरसाइकिल से महिलाओं के पर्स और बैग लूटने वाले गिरोह के दो आरोपियों को सिविल लाइन और कोलगवां थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 9 अक्टूबर की सुबह पतेरी और भरहुत नगर में दो महिलाओं को निशाना बनाया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम और वारदात में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, आईटी नगर पतेरी निवासी कविता सिंह 9 अक्टूबर की सुबह करीब 7:25 बजे अपनी बेटी को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बालाजी किराना स्टोर के सामने काली मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गए। शिकायत पर सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
जांच के आधार पर गोपाल वंशकार और कुंदन वंशकार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।इसी दिन सुबह करीब 8 बजे भरहुत नगर स्थित पिनाका नर्सिंग होम के बाहर दूसरी वारदात हुई। यहां रामलली देवी अपनी बहन के साथ बेटी का उपचार कराने पहुंची थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आए तीन युवकों में से एक ने उनकी बहन का बैग छीन लिया। बैग में 95 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड और पैन कार्ड रखे थे। इस मामले में कोलगवां थाने में अपराध दर्ज किया गया था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल उर्फ राधे वंशकार निवासी उतैली और कुंदन वंशकार निवासी संग्राम कॉलोनी के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ के बाद लूट की रकम और वारदात में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।

