शहडोल में झाड़-फूंक करने आए बाबा की कुल्हाड़ी से हत्या, जादू-टोने के शक में फिर गई एक जान

शहडोल के चंदौरा गांव में झाड़-फूंक करने आए बाबा की जादू-टोने के शक में कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

शहडोल में झाड़-फूंक करने आए बाबा की कुल्हाड़ी से हत्या, जादू-टोने के शक में फिर गई एक जान

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में अंधविश्वास एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। सीधी थाना क्षेत्र के चंदौरा गांव में झाड़-फूंक करने आए एक बाबा की जादू-टोने के शक में कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, चंदौरा निवासी बुद्धसेन अपनी बीमार बेटी के उपचार के लिए सीधी निवासी बाबा राज बहोर को झाड़-फूंक के लिए घर लेकर आया था। इसी दौरान बुद्धसेन के भाई भीमसेन को संदेह हुआ कि बाबा जादू-टोना कर रहा है और उसके परिवार में हो रही अनहोनी घटनाओं के पीछे वही जिम्मेदार है। गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी से बाबा पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

कुछ दिन पहले भी हुई थी ऐसी ही वारदात

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही शहडोल जिले के जयसिंहनगर क्षेत्र में भी जादू-टोने के शक में दो भाइयों ने अपनी ही रिश्तेदार बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में फैले अंधविश्वास की गंभीर समस्या को उजागर कर रही हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बीमारी या समस्या का समाधान वैज्ञानिक और चिकित्सकीय तरीके से करें तथा अंधविश्वास और झाड़-फूंक जैसी कुप्रथाओं से दूर रहें।