Shajapur: जर्जर सड़क से परेशान 12 गांव, कलेक्ट्रेट और विधायक कार्यालय का घेराव करेंगे ग्रामीण

15 मिनट का सफर हो रहा एक घंटे में पूरा, सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

Shajapur: जर्जर सड़क से परेशान 12 गांव, कलेक्ट्रेट और विधायक कार्यालय का घेराव करेंगे ग्रामीण

Shajapur। शहर की कृषि उपज मंडी के पीछे से गुजरने वाली सड़क बरसों से जर्जर हालत में पड़ी है और अब इससे परेशान ग्रामीणों का सब्र टूट गया है। यह सड़क शाजापुर को बमोरी, पिंदोनिया, पचोला, रिछोदा, मेंहदी, लड़ावद, खेड़ा बमोरी, पिंदोनिया खेड़ा, रामपुरा और मेवासा सहित करीब 10 से 12 गांवों से जोड़ती है, जो हजारों ग्रामीणों के लिए शहर तक पहुंचने का सबसे छोटा और आसान रास्ता है।

आम दिनों में जो सफर महज 15 मिनट में तय हो जाता था, अब सड़क की टूट-फूट के चलते पूरा एक घंटा लग रहा है। सबसे ज्यादा मुश्किल बीमार और गंभीर मरीजों को झेलनी पड़ रही है, जिन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाना अब एक चुनौती बन गया है। ग्रामीणों की चेतावनी है कि यदि इस लापरवाही के चलते कोई बड़ा हादसा हुआ, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

गुस्साए ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर पास हो चुका है और कागजी कार्रवाई भी पूरी हो चुकी है, फिर भी काम शुरू नहीं हुआ। बरसों की अनदेखी से आजिज आकर अब ग्रामीणों ने आंदोलन की राह पकड़ ली है।

मंगलवार को प्रभावित गांवों के लोग कलेक्टर कार्यालय और विधायक कार्यालय पहुंचकर घेराव करेंगे और सड़क निर्माण तुरंत शुरू कराने की मांग रखेंगे। ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन उग्र रूप ले सकता है।