How to Be Attractive: हर कोई आपकी तरफ आकर्षित होगा, अगर अपनाएंगे ये पर्सनालिटी टिप्स
क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि ऑफिस या वर्कप्लेस में सिर्फ कुछ ही ऐसे लोग हैं जिनके आने से पॉजिटिव वाइब आनी शुरू हो जाती है। उनका कॉन्फिडेंस, पर्सनालिटी और बॉडी लैंग्वेज देखकर आपको उनसे बात करने का मन करता है? ध्यान रहे कि मैं चेहरे की खूबसूरती की बात नहीं कर रही, बल्कि उनके बिहेवियर और उनकी पर्सनालिटी की बात कर रही हूं।
हम अक्सर अपने जीवन में कुछ ऐसे लोगों से मिलते हैं जिनसे सिर्फ आपको ही नहीं, बल्कि सबको बात करना अच्छा लगता है। जिनके आस-पास हमेशा पॉजिटिव और अच्छी वाइब ही आती है। और आप भी सोचते हैं कि काश मैं भी ऐसी होती या ऐसा होता।
तो ये बहुत ही नॉर्मल है। आप उनसे सिर्फ इसलिए अट्रैक्ट नहीं होते क्योंकि वो सुंदर हैं, बल्कि इसलिए होते हैं क्योंकि उनकी पर्सनालिटी और उनके बात करने का तरीका बाकियों से काफी अलग है।

तो अगर आप भी भीड़ से अलग अपनी पहचान बनाना चाहते हैं, तो ये करना काफी आसान है। आपको बस कुछ बातों का ध्यान रखना है, फिर आप भी अपनी पर्सनालिटी बूस्ट कर पाएंगे। और बाकी लोग भी आपकी तरफ आकर्षित होंगे।
अट्रैक्टिव दिखना या पर्सनालिटी बिल्ड करना सिर्फ चेहरे या शरीर पर निर्भर नहीं होता। लोगों को आकर्षित करने में आपकी पर्सनालिटी, व्यवहार, आत्मविश्वास और खुद का ख्याल रखने का तरीका बड़ी भूमिका निभाता है। अगर आप खुद को इम्पोर्टेंस देंगे, खुद की रिस्पेक्ट करेंगे, तो लोग भी आपकी रिस्पेक्ट करेंगे। पर्सनालिटी बनाने के लिए आपको कुछ स्टेप्स को फॉलो करना पड़ेगा।

साफ-सफाई रखें: खुद को साफ रखें और हाइजीन का ध्यान रखें। रोज नहाएं, साफ कपड़े पहनें, ओरल हाइजीन का ध्यान रखें।
फ्रेगरेंस का इस्तेमाल करें: जिस तरह गुलाब की खुशबू लोगों को अट्रैक्ट कर लेती है, ठीक वैसे ही किसी इंसान की खुशबू भी बहुत मैटर करती है। सिर्फ अच्छा दिखना ही नहीं, बल्कि अच्छी खुशबू आना भी बहुत जरूरी है। इसलिए हमेशा एक परफ्यूम का इस्तेमाल करें जो आपको सूट करे। इससे लोग आपकी खुशबू से ही आपको पहचान लेंगे।
फिटनेस पर ध्यान दें: नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और संतुलित भोजन से आपका चेहरा ग्लो करता है और ये दिखाता है कि आप अपनी हेल्थ को लेकर बहुत कॉन्शियस हैं।

अच्छी बॉडी लैंग्वेज रखें: सीधे खड़े हों, आँखों में देखकर बात करें, मुस्कुराएँ और झुककर न चलें। हर जगह स्ट्रेट और बोल्ड अंदाज में बात करें।
ड्रेसिंग सेंस सुधारें: ऐसे कपड़े पहनें जो आपको सही फिट हों और जिनमें आप सहज महसूस करें। ऐसे कलर चुनें जो आपको सूट करें, न कि कोई भी चटक-सा रंग जो आपके रंग को दबा दे। महंगे कपड़े ज़रूरी नहीं, साफ और व्यवस्थित कपड़े ज़्यादा प्रभाव डालते हैं।

कम्युनिकेशन स्किल्स: ध्यान से सुनें, बीच में न टोकें, विनम्र रहें और दूसरों की बातों में दिलचस्पी दिखाएं। तभी लोग आपकी भी बातों को ध्यान से सुनेंगे।
आत्मविश्वास बढ़ाएं: अपनी खूबियों पर काम करें और नई स्किल्स सीखें। आत्मविश्वास अक्सर बाहरी आकर्षण से अधिक प्रभावशाली होता है।
दूसरों का सम्मान करें: विनम्रता, ईमानदारी और सम्मानजनक व्यवहार लंबे समय तक सबसे आकर्षक गुणों में गिने जाते हैं।


