सिंगरौली के बंधौरा पावर प्लांट में बड़ा हादसा, बॉयलर में फंसने से मजदूर की मौत; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मध्य प्रदेश के सिंगरौली स्थित बंधौरा पावर प्लांट में बॉयलर में फंसने से झारखंड निवासी अंगद चौधरी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं, जबकि मजदूर संगठनों ने जांच और मुआवजे की मांग की है।

सिंगरौली के बंधौरा पावर प्लांट में बड़ा हादसा, बॉयलर में फंसने से मजदूर की मौत; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सिंगरौली जिले के बंधौरा चौकी अंतर्गत स्थित बंधौरा पावर प्लांट में एक बार फिर बड़ी लापरवाही सामने आई है। निजी कंपनी के इस पावर प्लांट में बॉयलर में फंसने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद प्लांट में काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही कंपनी के बाउंसरों ने प्लांट के अंदर किसी को भी जाने से रोक दिया। वहीं, घटना के बाद प्लांट में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना की पुष्टि करते हुए एसपी ने बताया कि बॉयलर में फंसने से झारखंड के गढ़वा थाना क्षेत्र निवासी अंगद चौधरी की मौत हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर तत्काल पुलिस बल रवाना कर दिया गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निजी कंपनी के इस पावर प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं हैं और कंपनी प्रबंधन की घोर लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।

करीब तीन माह पहले भी इस प्लांट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कई मामले सामने आ चुके हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर निजी पावर प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मजदूर संगठनों ने उच्च स्तरीय जांच और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कंपनी प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।