हेलमेट न पहनना पड़ा भारी, बाइक हादसे में युवक घायल

सिंगरौली के थाना सरई क्षेत्र अंतर्गत बरका चौकी इलाके में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट नहीं पहनने के कारण युवक के सिर और माथे पर गंभीर चोटें आई हैं।

हेलमेट न पहनना पड़ा भारी, बाइक हादसे में युवक घायल
google

घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय संत कुमार यादव, निवासी गीड़ा, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बरका से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसा इतना तेज था कि युवक के माथे से खून बहने लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरई पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने करीब दो घंटे तक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर रात लगभग 10 बजे उसे ट्रामा सेंटर बैढ़न रेफर कर दिया गया।

एंबुलेंस के इंतजार में परेशान रहे परिजन
गंभीर हालत में रेफर किए जाने के बाद भी परिजन घंटों तक एंबुलेंस का इंतजार करते रहे। अस्पताल परिसर में परिजनों की बेचैनी साफ दिखाई दी। देर रात तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे।

स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि हेलमेट पहनना जीवन बचाने के लिए बेहद जरूरी है। लोगों का कहना था कि यदि युवक हेलमेट लगाए होता तो शायद उसके सिर में इतनी गंभीर चोट नहीं आती।