Singrauli: जमीन विवाद में युवक की हत्या, पत्नी गंभीर घायल, दो आरोपी हिरासत में
सिंगरौली के बिलौजी में जमीन विवाद के चलते हुए खूनी संघर्ष में राजेश शाह की टांगी से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है, बाकी की तलाश जारी है।
सिंगरौली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलौजी में शनिवार सुबह जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राजेश शाह के रूप में हुई है, जिन पर आरोपियों ने टांगी से हमला कर दिया। घटना सुबह करीब 9:00 से 10:00 बजे के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, विवाद जमीन को लेकर चल रहा था, जो अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया।

हमले में राजेश शाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस मामले में पुलिस ने सात लोगों पर हमला करने का आरोप दर्ज किया है। आरोपियों में अरुणा सिंह, महेंद्र शाह, देवमती शाह, भैयालाल, महेश, मनीष और जगदीश के नाम सामने आए हैं। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि शेष आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। हैरानी की बात तो ये है कि जिस थाना इलाके में बैंक डकैती हुई, उसी थाना में हत्या की वारदात हुई, जबकि प्रदेश डीजीपी सिंगरौली में ही मौजूद है, इसी से सिंगरौली की कानून-व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है।



