सिंगरौली में धूल भरी आंधी का कहर, तेज हवाओं से 220 केवी बिजली टावर धराशायी

मौसम ने बदला मिजाज: आंधी-बारिश के बीच सिंगरौली में बड़ा हादसा, 220 केवी का टावर गिरने से बिजली आपूर्ति प्रभावित 

सिंगरौली में धूल भरी आंधी का कहर, तेज हवाओं से 220 केवी बिजली टावर धराशायी

सिंगरौली। जिले में गुरुवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान लोगों को उस समय राहत मिली जब शाम करीब 4 बजे तेज धूल भरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। हालांकि मौसम परिवर्तन के बीच एक बड़ा हादसा भी सामने आया, जब सरौंधा क्षेत्र में तेज हवाओं के दबाव से 220 केवी का विशाल विद्युत टावर धराशायी हो गया।

धूलभरी तेज आंधी में झुक गए पेड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आंधी इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर पेड़ झुक गए और धूल के गुबार से दृश्यता प्रभावित हो गई। इसी दौरान सरौंधा इलाके में विद्युत ट्रांसमिशन लाइन का टावर गिर गया। राहत की बात यह रही कि टावर आबादी से दूर क्षेत्र में गिरा, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत कंपनी के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया। टावर गिरने से संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

बारिश से तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत

गौरतलब है कि सिंगरौली में पिछले पांच दिनों से लगातार भीषण गर्मी पड़ रही थी। मौसम विभाग के अनुसार 7 जून को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस, 8 जून को 43 डिग्री, 9 जून को 42.7 डिग्री, 10 जून को 42.2 डिग्री और 11 जून को 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश और तेज हवाओं के बाद तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों ने राहत महसूस की।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में जिले के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। वहीं प्रशासन ने लोगों से आंधी-तूफान के दौरान सावधानी बरतने, पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।