सिंगरौली की आदिवासी बस्ती में जर्जर सड़क से बढ़ी परेशानी
सिंगरौली के वार्ड-1 की गौतम बुद्ध आदिवासी बस्ती में जर्जर सड़क, गड्ढों और जलभराव से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग की है।
सिंगरौली नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 में स्थित गौतम बुद्ध आदिवासी बस्ती (सीईटीआई) के लोग बदहाल सड़क के कारण लंबे समय से परेशानी झेल रहे हैं। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे और बारिश के दौरान होने वाला जलभराव लोगों की मुश्किलें और बढ़ा देता है। स्थानीय लोगों ने सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है।
बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क लंबे समय से मरम्मत का इंतजार कर रही है। बरसात के दिनों में सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से पैदल चलना और वाहन निकालना मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
नाली नहीं होने से सड़क पर जमा होता है पानी
क्षेत्रवासियों के अनुसार, सड़क किनारे नाली की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। इससे सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। वहीं, रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से इस रास्ते पर आवागमन और जोखिम भरा हो जाता है।
कई बार मांग के बाद भी कार्रवाई नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
अब क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से जर्जर सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है। इसके साथ ही बस्ती में नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
Anubhav Dubey 
