ट्रांसफार्मर की चिंगारी से 70 एकड़ गेहूं की फसल जली, 15 किसानों को लाखों का नुकसान
सतना जिले के सिंहपुर क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना गांव में ट्रांसफार्मर में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने खेतों में खड़ी पकी गेहूं की फसल को आग के हवाले कर दिया।
सतना। जिले के सिंहपुर क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना गांव में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब ट्रांसफार्मर में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने खेतों में खड़ी पकी गेहूं की फसल को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 70 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैली फसल जलकर राख हो गई।
बताया जा रहा है कि खेतों की मेढ़ पर लगे ट्रांसफार्मर में अचानक स्पार्किंग हुई, जिससे सूखी फसल में आग तेजी से फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि, उस समय दमकल वाहन नोनिया गांव में लगी आग को बुझाने गया हुआ था, जिसके कारण राहत कार्य में देरी हुई।

करीब आधे घंटे बाद नागौद नगर परिषद का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों की मदद से लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
इस घटना में सोमेश मिश्रा, सोनू मिश्रा, रतन मिश्रा, अवधेश तिवारी और ध्रुव कुमार तिवारी सहित करीब 15 किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। वहीं, इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था और सुरक्षा उपायों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Varsha Shrivastava 
