Bhopal News : 22-23 अक्टूबर को होगा विकसित भारत उद्योग व्यापार सम्मेलन, CM डॉ. मोहन यादव करेंगे उद्घाटन
फेडरेशन अध्यक्ष ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के उद्योग एवं व्यापार संगठनों को एक मंच पर लाकर औद्योगिक सहयोग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के विकास, निवेश, नवाचार और निर्यात की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 22 और 23 अक्टूबर को ‘विकसित भारत उद्योग व्यापार सम्मेलन 2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
फेडरेशन ऑफ मध्य प्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FMPCCI) द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में देश के 10 से 15 राज्यों के करीब 400 उद्यमियों और औद्योगिक एवं वाणिज्यिक संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। रूस, जर्मनी और ब्रिटेन सहित कई देशों के उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधि भी इसमें भाग लेंगे।
फेडरेशन के अध्यक्ष हिमांशु खरे ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के उद्योग एवं व्यापार संगठनों को एक मंच पर लाकर औद्योगिक सहयोग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के विकास, निवेश, नवाचार और निर्यात की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन का संदेश ‘एक राष्ट्र, एक उद्योग दृष्टि, एक विकसित भारत’ है। इसके माध्यम से मध्य प्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं और निवेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
सम्मेलन का पहला दिन 22 अक्टूबर को कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा, जबकि दूसरे दिन के कार्यक्रम 23 अक्टूबर को एनराइज़ बाय सयाजी में होंगे।

