जस्टिस विवेक रूसिया बने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, सीजे संजीव सचदेवा के प्रमोशन के बाद मिली जिम्मेदारी

जस्टिस विवेक रूसिया को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। जस्टिस संजीव सचदेवा के सुप्रीम कोर्ट में प्रमोशन के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है।

जस्टिस विवेक रूसिया बने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, सीजे संजीव सचदेवा के प्रमोशन के बाद मिली जिम्मेदारी

जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस विवेक रूसिया को उच्च न्यायालय का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश (Acting Chief Justice) नियुक्त किया गया है। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय (Ministry of Law and Justice) ने उनकी नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। यह नियुक्ति मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा के उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश पद पर नियुक्त होने के बाद की गई है।

जस्टिस विवेक रूसिया मूल रूप से जबलपुर के कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं। उनका जन्म 2 अगस्त 1969 को जबलपुर में हुआ था। उन्होंने विज्ञान स्नातक (B.Sc.) और विधि स्नातक (LL.B.) की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद 8 अगस्त 1992 को मध्य प्रदेश राज्य बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए।

पिता भी थे हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता

जस्टिस रूसिया के पिता स्वर्गीय प्रभाकर रूसिया मध्य प्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर में वरिष्ठ अधिवक्ता रहे हैं। उन्होंने अपने कानूनी करियर की शुरुआत वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय पी. सदाशिवन नायर, वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा नायर और बाद में हाईकोर्ट के न्यायाधीश रहे राजेंद्र मेनन के कार्यालय में सहयोगी अधिवक्ता के रूप में की।

कई प्रमुख संस्थानों के रहे पैनल अधिवक्ता

वर्ष 1998 में उन्होंने स्वतंत्र रूप से वकालत शुरू की। इसके बाद वे कोल इंडिया लिमिटेड, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, मध्य प्रदेश की विभिन्न विद्युत कंपनियों, आवास एवं अधोसंरचना विकास मंडल, लघु उद्योग निगम, छावनी बोर्ड जबलपुर तथा जबलपुर विकास प्राधिकरण सहित कई महत्वपूर्ण संस्थानों के पैनल अधिवक्ता रहे।

इसके अलावा उन्हें भारत सरकार की ओर से मध्य प्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर में मामलों की पैरवी के लिए स्थायी अधिवक्ता (Standing Counsel) भी नियुक्त किया गया था।

बार एसोसिएशन में भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

जस्टिस विवेक रूसिया हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन, जबलपुर के संयुक्त सचिव भी चुने गए थे। वे हाईकोर्ट बार एसोसिएशन और डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, जबलपुर के आजीवन सदस्य रहे हैं।

2016 में बने हाईकोर्ट जज

जस्टिस विवेक रूसिया को 7 अप्रैल 2016 को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इसके बाद 17 मार्च 2018 को उन्हें स्थायी न्यायाधीश बनाया गया। अब उन्हें मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।