10 हजार फीट की ऊंचाई पर पैराग्लाइडिंग करते हुए हनुमान चालीसा का पाठ

10 हजार फीट की ऊंचाई पर पैराग्लाइडिंग करते हुए इंदौर के एडवोकेट ने पढ़ा हनुमान चालीसा का पाठ

10 हजार फीट की ऊंचाई पर पैराग्लाइडिंग करते हुए  हनुमान चालीसा का पाठ

आस्था और साहस का अनूठा संगम उस समय देखने को मिला जब इंदौर हाई कोर्ट के एडवोकेट दिलीप नागर ने हिमाचल प्रदेश के मनाली में पैराग्लाइडिंग के दौरान करीब 10 हजार फीट की ऊंचाई पर हनुमान चालीसा का पाठ किया। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

वीडियो में दिलीप नागर खुले आसमान में पैराग्लाइडिंग करते हुए हनुमान चालीसा का पाठ करते नजर आ रहे हैं। तेज हवा और ऊंचाई के बीच उनके द्वारा किए गए पाठ को लेकर लोग उनके साहस की सराहना कर रहे हैं।

बोले-हनुमानजी का स्मरण करना स्वाभाविक था

दिलीप नागर पिछले चार वर्षों से इंदौर हाई कोर्ट में वकालत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पैराग्लाइडिंग के दौरान इतनी ऊंचाई पर पहुंचकर उन्हें ईश्वर के बेहद करीब होने का एहसास हुआ। उस आध्यात्मिक अनुभव के बीच हनुमानजी का स्मरण करना उनके लिए स्वाभाविक था, इसलिए उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया।

नागर ने बताया कि वे हनुमानजी के भक्त हैं और नियमित रूप से उनका स्मरण करते हैं। मनाली में पैराग्लाइडिंग के दौरान टीम के सदस्यों ने ही उनका यह वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि संभवतः यह पहला अवसर है जब किसी एडवोकेट ने पैराग्लाइडिंग के दौरान इतनी ऊंचाई पर हनुमान चालीसा का पाठ किया हो। 31 मई को रिकॉर्ड किया गया यह वीडियो अब लोगों के बीच आस्था, रोमांच और आत्मविश्वास का प्रतीक बनकर उभर रहा है।