'स्कूल चलें हम' अभियान में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, छात्राओं से किया संवाद
इंदौर के शारदा कन्या विद्यालय में शाला प्रारंभ उत्सव के द्वितीय चरण में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने स्मार्ट क्लास और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके अलावा सीएम ने निर्माणाधीन आईटी पार्क-3 का भी निरीक्षण किया।
इंदौर के बड़ा गणपति क्षेत्र स्थित शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को आयोजित 'स्कूल चलें हम' अभियान के तहत शाला प्रारंभ उत्सव के द्वितीय चरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए।

इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय की प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लास और छात्राओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने विद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों को करीब से देखा और छात्राओं से संवाद कर नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।

छात्राओं और शिक्षकों से किया संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छात्राओं और शिक्षकों से चर्चा करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना है और इसी उद्देश्य से 'स्कूल चलें हम' अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए सभी से सहयोग करने का आह्वान भी किया। मुख्यमंत्री ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया।

नई शिक्षा नीति और सांदीपनि विद्यालयों पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार नई शिक्षा नीति को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि सांदीपनि विद्यालयों की अवधारणा के माध्यम से प्रदेश के स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार किए जा रहे हैं ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना
मुख्यमंत्री ने शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि यह विद्यालय किसी भी एक्सीलेंस स्कूल से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने प्रदेश को भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली बताते हुए शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने अंत में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सफल शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

निर्माणाधीन आईटी पार्क-3 का किया निरीक्षण
इंदौर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निर्माणाधीन आईटी पार्क-3 का निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों से परियोजना की प्रगति और निर्माण कार्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए है। आईटी सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए सरकार की दोहरायी प्रतिबद्धता है। आईटी पार्क-3 से इंदौर में निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।




Varsha Shrivastava 
