‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सियासत तेज: पुलिस अनुमति अब भी लंबित; भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने
'Chhatron ki Goonj' event : 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की पुलिस अनुमति अभी लंबित है। सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और फायर सेफ्टी को लेकर पुलिस कांग्रेस से जानकारी ले रही है। वहीं, मैदान के किराए और भीड़ की संख्या को लेकर भाजपा ने सवाल उठाए हैं, जिस पर कांग्रेस ने पलटवार किया है।
'Chhatron ki Goonj' event : इंदौर। 19 सितंबर को इंदौर के रीजनल पार्क मैदान में प्रस्तावित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच बातचीत जारी है। कार्यक्रम के लिए पुलिस की ओर से अभी तक लिखित अनुमति जारी नहीं की गई है। वहीं, मैदान के उपयोग और किराए को लेकर भाजपा ने सवाल उठाए हैं, जिसके बाद कांग्रेस ने इसे राजनीतिक बौखलाहट करार दिया है।
कार्यक्रम की लिखित अनुमति अभी लंबित
कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कांग्रेस पदाधिकारियों से क्राउड मैनेजमेंट, फायर सेफ्टी, महिला सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली है। एडिशनल डीसीपी राजेश डंडोतिया के मुताबिक, राहुल गांधी को जेड प्लस, सीआरपीएफ और एएसएल श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। इसी के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेताओं से लगातार चर्चा की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल कार्यक्रम की लिखित अनुमति जारी नहीं की गई है।

भाजपा का मैदान के किराए को लेकर सवाल
इधर, कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने मैदान के किराए को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने संभाग आयुक्त और इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) के सीईओ को पत्र लिखकर मैदान के उपयोग की अवधि के हिसाब से शुल्क वसूलने की मांग की है।
भाजपा का दावा है कि कांग्रेस को 17, 18 और 19 सितंबर के लिए मैदान की अनुमति दी गई है और इसके लिए आईडीए ने 10 लाख 8 हजार 145 रुपये शुल्क लिया है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस एक सितंबर से मैदान का उपयोग कर रही है और 24 सितंबर तक इसका उपयोग किए जाने की बात है। ऐसे में नियमों के अनुसार 24 दिनों का किराया लिया जाना चाहिए, जो भाजपा के मुताबिक 80 लाख रुपये से अधिक बनता है।
भीड़ की संख्या को लेकर भी सवाल
भाजपा ने कार्यक्रम में शामिल होने वाली भीड़ की संख्या को लेकर भी सवाल उठाए हैं। राकेश सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस की ओर से पहले एक लाख पंजीयन और बाद में दो लाख लोगों के आने की बात कही गई थी, जबकि पुलिस को भेजे गए पत्र में 15 हजार लोगों के शामिल होने की संख्या बताई गई है।
वहीं, भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस के एआईसीसी मीडिया कोऑर्डिनेटर नीलाभ शुक्ला ने पलटवार किया है। उन्होंने मैदान के आने-जाने और तैयारी के दिनों का अतिरिक्त शुल्क मांगने को अनावश्यक बताते हुए भाजपा की मांग को बौखलाहट करार दिया। कांग्रेस का आरोप है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर भाजपा लगातार अड़चनें पैदा करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था और मैदान के उपयोग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पुलिस, प्रशासन और कांग्रेस पदाधिकारियों के बीच चर्चा जारी है। लिखित अनुमति को लेकर अंतिम स्थिति इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद स्पष्ट होगी।
Anjali 
