इंदौर: 11 लाख की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, खजराना पुलिस ने ने किया बड़ा खुलासा

मंदसौर से इंदौर तक फैला था नशे का नेटवर्क, 11 लाख रुपये की 110 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, मुखबिर की सूचना पर खजराना पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

इंदौर: 11 लाख की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, खजराना पुलिस ने ने किया बड़ा खुलासा

इंदौर की खजराना थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 110 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वीवो मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी की पहचान रामकिशन उर्फ रामनिवास गिरी (28) निवासी ग्राम काटिया, थाना सुवासरा, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

वाघेला गार्डन के पास घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक वाघेला गार्डन के पास बायपास क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खेप लेकर ग्राहकों की तलाश में घूम रहा है। सूचना मिलते ही खजराना थाना पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 110 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया।

नशे की लत में बना तस्कर, नेटवर्क की जांच जारी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आठवीं तक पढ़ा है और खेती करता है। वह खुद भी नशे का आदी है। नशे की लत और जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह मंदसौर के कोटड़ी क्षेत्र से सस्ते दाम पर ब्राउन शुगर खरीदकर इंदौर में अधिक कीमत पर बेचता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह मादक पदार्थ किससे खरीदता था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जाती थी।

थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड ट्रैकिंग की जा रही है। पुलिस आरोपी के सप्लायर, खरीदारों और पूरे ड्रग नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि इंदौर में ड्रग माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।