अब बारिश के बीच भी भरेंगे सड़क के गड्ढे, नगर निगम ने नई कोल्ड इमल्शन तकनीक का किया सफल ट्रायल

इंदौर में बारिश के बीच सड़क मरम्मत की नई तकनीक का सफल ट्रायल, विजय नगर चौराहे पर वॉटर-बेस्ड कोल्ड मिक्स डामर का लाइव डेमो

अब बारिश के बीच भी भरेंगे सड़क के गड्ढे, नगर निगम ने नई कोल्ड इमल्शन तकनीक का किया सफल ट्रायल

इंदौर में मानसून के दौरान सड़कों पर बनने वाले गड्ढों से लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। नगर निगम ने बारिश के बीच भी सड़क मरम्मत के लिए वॉटर-बेस्ड कोल्ड मिक्स डामर यानी कोल्ड इमल्शन तकनीक का सफल ट्रायल किया है। विजय नगर चौराहे पर हुए इस डेमो में पानी से भरे गड्ढों की मरम्मत कर तकनीक की प्रभावशीलता दिखाई गई।

गीले और पानी भरे गड्ढों में भी होगी तुरंत सड़क मरम्मत

दरअसल, इंदौर में मानसून के दौरान सड़क मरम्मत के लिए नगर निगम ने नई तकनीक अपनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। जिसमें विजय नगर चौराहे पर वॉटर-बेस्ड कोल्ड मिक्स डामर यानी कोल्ड इमल्शन तकनीक का सफल ट्रायल किया गया। इस तकनीक की खासियत यह है कि लगातार बारिश, गीली सड़क या जलभराव की स्थिति में भी गड्ढों की तुरंत मरम्मत की जा सकती है।

नई तकनीक से 1 से 3 घंटे में सड़क हो जाएगी तैयार

मरम्मत के बाद सड़क महज 1 से 3 घंटे में यातायात के लिए तैयार हो जाती है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि पीडब्ल्यूडी, आईडीए, रेलवे और नगर निगम के विभिन्न निर्माण कार्यों के कारण कई जगह सड़कें खराब हो जाती हैं। ऐसे स्थानों पर अब इसी तकनीक से तेजी से मरम्मत की जाएगी।

ट्रायल सफल तो पूरे शहर में अपनाई जाएगी नई तकनीक

नगर निगम ने मानसून में गड्ढों की समस्या से निपटने की नई तैयारी शुरू कर दी है। निगम का कहना है कि यदि ट्रायल की तरह इसके परिणाम लगातार बेहतर रहे तो भविष्य में पूरे शहर में इसी नई रोड रिपेयर तकनीक का इस्तेमाल कर मानसून के दौरान सड़कों को गड्ढामुक्त रखने का अभियान चलाया जाएगा।