बीच-बचाव की रंजिश में युवक की बेरहमी से पिटाई, दबंगों ने बेल्ट से एक घंटे तक पीटा
पीठ, हांथ और सीने में चोट के गंभीर निशान। नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज।
सतना। जिले के नागौद कस्बे में हुए विवाद में बीच-बचाव करने की रंजिश को लेकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने उसे गाड़ी में बैठाकर ईदगाह के पास ले जाकर बेल्ट और मुक्कों से करीब एक घंटे तक पीटा, जिससे उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
परिजन उसे सिविल अस्पताल नागौद में भर्ती कराए है, जहां उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार खेरवाटोला वार्ड नंबर-5 नागौद निवासी मुकुट दाहिया ने बताया कि 3 फरवरी को सचिन वर्मन और अंकित सिंह के बीच विवाद हो रहा था, जिसमें उसने बीच-बचाव किया था। उसी बात को लेकर आरोपियों ने रंजिश पाल ली।
फरियादी के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे वह दिलीप सिंह की आरा मशीन के पास खड़ा था। इसी दौरान हर्षित सिंह और सिद्धार्थ सिंह वहां पहुंचे और किसी काम का बहाना बनाकर उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर ईदगाह के पास ले गए। वहां उतरते ही दोनों ने पुराने विवाद की बात कहकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हर्षित सिंह ने बेल्ट से लगातार हमला किया, जबकि दोनों आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से भी पिटाई की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Varsha Shrivastava 
