भोपाल में होली से पहले मिलावट पर सख्ती,डेयरियों और मिठाई दुकानों पर ताबड़तोड़ छापे

भोपाल में होली से पहले मावा-पनीर और अन्य खाद्य उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष छापेमारी और नमूना जांच अभियान तेज कर दिया है।

भोपाल में होली से पहले मिलावट पर सख्ती,डेयरियों और मिठाई दुकानों पर ताबड़तोड़ छापे

भोपाल:होली से पहले राजधानी में खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ी हलचल मच गई है। त्योहार के करीब आते ही खासतौर पर भोपाल के पुराने इलाकों में मावा, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों में गड़बड़ी की आशंकाओं ने प्रशासन को अलर्ट मोड पर ला दिया है।

भोपाल में मिलावट पर सख्ती

खाद्य विभाग की टीमों ने मंगलवारा और ओल्ड सिटी सहित कई क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाते हुए दुकानों, डेयरियों और मिठाई निर्माण इकाइयों पर ताबड़तोड़ जांच की। जांच के दौरान आनंद मावा भंडार, राजश्री मावा, महेंद्र मावा, महाकाल मावा भंडार, भोपाल डेरी और न्यू कृष्णा डेरी (नादरा बस स्टैंड) जैसे प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए।

कार्रवाई के दौरान मावा, पनीर, दही, घी, मिल्क केक, रिफाइंड और खुला सोयाबीन तेल, सूखे मेवे, नमकीन, मैदा और बेसन समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों को जांच के दायरे में लिया गया। संदिग्ध सामग्री को जब्त कर राज्य स्तरीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।

पुराने शहर में मावा-पनीर की जांच तेज

अधिकारियों का कहना है कि होली के समय मावे और पनीर की मांग सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। इसी अवसर का फायदा उठाकर मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं। यही कारण है कि पुराने शहर को विशेष निगरानी क्षेत्र बनाकर व्यापक स्तर पर सैंपलिंग की जा रही है।

246 सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे

पिछले एक महीने में संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग हिस्सों से 246 नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। यदि जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें भारी जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने जैसे प्रावधान शामिल हैं।

त्योहार की आड़ में मिलावट बर्दाश्त नहीं

प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि त्योहार की आड़ में किसी भी तरह की मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे खुले खाद्य पदार्थ खरीदते समय सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें। राजधानी में यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि होली का त्योहार सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थों के साथ मनाया जा सके।