दतिया का दंगल: BJP की सभा में भाषण देते-देते रो पड़े नरोत्तम
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर BJP-कांग्रेस प्रत्याशियों ने दिग्गज की मौजूदगी में दाखिल किया नामांकन, भाजपा की स्टार प्रचारकों की सूची में डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम भी शामिल
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा की जनसभा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें डॉ. नरोत्तम मिश्रा रो पड़े। भाषण देते समय पूर्व गृह मंत्री की आंखें छलक गईं, उनका गला भर आया और आवाज भर्रा गई। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मैं इस उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को जिताऊंगा और दतिया के एक-एक घर के सामने शीश नवाऊंगा।
Datia | BJP की सभा में छलके नरोत्तम के आंसू, बोले- एक-एक घर शीश नवाऊंगा, मैं आशुतोष को जिताऊंगा
— Public Vani News (@publicvaninews) July 13, 2026
दतिया उपचुनाव की बीजेपी सभा में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भावुक हो गए। भर्राई आवाज़ में उन्होंने कहा, "कांग्रेस कहती है भाजपा में फूट है, लेकिन हम सब साथ हैं। #Datia pic.twitter.com/JAhGpfYhb8
13 जुलाई सोमवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन कांग्रेस और बीजेपी दोनों पार्टियों के उम्मीदवारों ने दिग्गजों की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। इससे पहले भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित कई बड़े नेताओं को शामिल किया गया है।
सियासी शक्ति प्रदर्शन, नामांकन में दिग्गजों का जमावड़ा
दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और डॉ. नरोत्तम मिश्रा मौजूद रहे।

इधर, कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक फूलसिंह बरैया, दतिया जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक दांगी जी सहित कांग्रेस पदाधिकारी और अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार है। मुझे पूरा विश्वास है कि मां पीताम्बरा के आशीर्वाद और दतिया की न्यायप्रिय जागरूक जनता एक बार फिर कांग्रेस पर अपना भरोसा जताएगी और अहंकार, तानाशाही और जनविरोधी राजनीति करने वाली भाजपा को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।
भाजपा की स्टार प्रचारक सूची में बड़े चेहरे शामिल
दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा के प्रस्तावित स्टार प्रचारकों की सूची प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजी गई थी, जो अब सामने आ गई है। सूची में राज्य और केंद्र स्तर के कई प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल चुनाव प्रचार की अगुवाई करेंगे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक भी भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करेंगे।

प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल के साथ वरिष्ठ मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह को भी स्टार प्रचारकों में शामिल किया गया है। वहीं पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम भी सूची में शामिल है।
नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी से बदले सियासी समीकरण
दतिया विधानसभा क्षेत्र डॉ. नरोत्तम मिश्रा का पारंपरिक राजनीतिक क्षेत्र रहा है। ऐसे में टिकट बदलाव के बाद उनके नाम को स्टार प्रचारक सूची में शामिल करना और नामांकन कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी को पार्टी की एकजुटता के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
ग्वालियर-चंबल के नेताओं पर भाजपा का भरोसा
दतिया ग्वालियर-चंबल संभाग का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। भाजपा ने क्षेत्रीय प्रभाव और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए कई स्थानीय नेताओं को भी प्रचार की जिम्मेदारी दी है। स्टार प्रचारकों की सूची में ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा एदल सिंह कंसाना, प्रद्युम्न सिंह तोमर, नारायण सिंह कुशवाहा, सुमित्रा वाल्मीकि और शैतान सिंह पाल समेत करीब 40 नेताओं को शामिल किया गया है। पार्टी की कोशिश है कि क्षेत्रीय नेताओं की सक्रियता से अलग-अलग वर्गों और समुदायों तक पहुंच बनाई जा सके।
Varsha Shrivastava 
