उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रदेश में राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ, मिशन मधुहारी को दी गति
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रदेश में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को नई दिल्ली से वर्चुअली संबोधित किया
भोपाल। मध्यप्रदेश में महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भोपाल स्थित डॉ. कैलशनाथ काटजू हॉस्पिटल से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने मिशन मधुहारी के तहत 5 बालिकाओं को टाइप-1 डायबिटीज किट भी वितरित की और अभियान के पोस्टर का विमोचन कर व्यापक जनजागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज का दिन स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक है। महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर के मामले सबसे अधिक सामने आते हैं। लंबे समय से इस गंभीर बीमारी के समाधान को लेकर प्रयास किए जा रहे थे।

अब एचपीवी वैक्सीनेशन के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर के मामलों में उल्लेखनीय गिरावट लाई जा सकेगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में केंद्र सरकार से निरंतर मांग की जा रही थी और अब प्रदेश को बड़ी राहत मिली है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि निरोगी काया अभियान के तहत जांच सुविधाओं का विस्तार किया गया है। ग्रामीण इलाकों में भी स्वास्थ्य जांच और परामर्श की व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है। शुगर और टाइप-1 डायबिटीज को लेकर भी सरकार सतर्क है।

जिला अस्पतालों में टाइप-1 डायबिटीज के लिए विशेष क्लिनिक शुरू किए जा रहे हैं और टेलीमेडिसिन सुविधा के जरिए विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे बड़े अस्पतालों में भीड़ कम होगी और मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) में भी गिरावट दर्ज की गई है, जो स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का संकेत है। ‘स्वास्थ्य नारी अभियान’ के तहत चलाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों ने महिलाओं में जागरूकता बढ़ाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान केवल कार्यक्रम तक सीमित न रहें, बल्कि निरंतर जनचेतना का माध्यम बनें।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली से वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) को बधाई देते हुए बताया गया कि प्रदेश को आठ लाख एचपीवी वैक्सीन प्राप्त हुई हैं, जिनका चरणबद्ध तरीके से टीकाकरण में उपयोग किया जाएगा।

Varsha Shrivastava 
