Ujjain Crime: पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग में युवक की मौत; इलाके में तनाव
उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने लोकेश गोरकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके भाई और परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए हैं।
मध्य प्रदेश के उज्जैन से बड़ी खबर आ रही है, जहां बीती रात दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने घर के बाहर लोकेश गोरकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसे बचाने पहुंचे भाई और परिवार के तीन अन्य सदस्यों पर भी हमला किया गया। मामला नीलगंगा थाना क्षेत्र का है।

हमले में लोकेश के भाई जय, दिलीप समेत गोरकर परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वारदात के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।

पहले हमला, फिर ताबड़तोड़ फायरिंग...
चश्मदीदों के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने लाठी, डंडों, तलवार और पत्थरों से हमला कर दिया। इसके बाद ताबड़तोड़ चार राउंड फायर किए गए। एक गोली लोकेश गोरकर को लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

होली के विवाद से शुरू हुई थी रंजिश
एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पराशर ने बताया कि पासी परिवार और गोरकर परिवार के बीच बीते होली के त्योहार पर एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने मामला शांत करा दिया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच रंजिश खत्म नहीं हुई। शनिवार रात इसी तनाव ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।


