Betul News: वन विभाग ने पिलाया एसिड! सागौन लकड़ी मामले में युवक का बड़ा आरोप

बैतूल जिले के शाहपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध सागौन लकड़ी परिवहन के आरोपी युवक ने वन विभाग के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का दावा है कि उसे एसिड जैसा संदिग्ध पानी पिलाया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। घटना के बाद परिजनों ने जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

Betul News: वन विभाग ने पिलाया एसिड! सागौन लकड़ी मामले में युवक का बड़ा आरोप
पब्लिक वाणी

बैतूल जिले के उत्तर वन मंडल के शाहपुर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब काजली क्षेत्र निवासी अरनीश नामक युवक ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। युवक का कहना है कि उसे अवैध सागौन लकड़ी परिवहन के आरोप में वन विभाग ने पकड़ा था।

जानकारी के अनुसार, दिन में उसे मुचलके पर छोड़ दिया गया, लेकिन बाद में पंचनामा और मौके की कार्रवाई के लिए वन अमला उसे जंगल ले गया। अरनीश का आरोप है कि मौके पर मौजूद रेंजर और अन्य वनकर्मियों ने एक ही बोतल से पानी पिया, जबकि उसे अलग बोतल से पानी दिया गया।

युवक का दावा है कि जैसे ही उसने पानी पिया, उसे घबराहट, बेचैनी और लगातार उल्टियां शुरू हो गईं। हालत बिगड़ने पर वनकर्मी उसे तुरंत शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और वन विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान परिजनों और रेंजर मोहन आरसे के बीच धक्का-मुक्की की भी खबर सामने आई है। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।

फिलहाल वन विभाग इस पूरे मामले में कुछ भी कहने से बचता नजर आ रहा है, जबकि मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है और जांच की मांग तेज हो गई है।