सिंगरौली में जर्जर पुलिया बनी खतरा, अमिलवान–कथुरा मार्ग पर रोज फंस रहे वाहन

सिंगरौली के अमिलवान–कथुरा मार्ग की जर्जर पुलिया पर बने गहरे गड्ढों में रोज वाहन फंस रहे हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर और जनपद सीईओ से तत्काल मरम्मत की मांग की है।

सिंगरौली में जर्जर पुलिया बनी खतरा, अमिलवान–कथुरा मार्ग पर रोज फंस रहे वाहन

सिंगरौली। ग्राम पंचायत अमिलवान अंतर्गत अमिलवान–कथुरा मार्ग पर स्थित जर्जर पुलिया राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। पुलिया पर बने गहरे गड्ढों में आए दिन वाहन फंस रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो यहां बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह मार्ग कथुरा, चितरबई और चूरी अमरा सहित कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहन गुजरते हैं। पुलिया की खराब हालत के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या की जानकारी कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच राममिलन खैरवार और सचिव अजीत उपाध्याय को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। इससे स्थानीय लोगों में पंचायत प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि गहरे गड्ढों में वाहन फंसने और क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उनका दावा है कि कुछ लोग दुर्घटनाओं का शिकार भी हो चुके हैं। ऐसे में पुलिया की जल्द मरम्मत नहीं हुई तो किसी गंभीर हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

पंचायत स्तर पर समाधान नहीं मिलने के बाद ग्रामीणों ने अब जिला कलेक्टर और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि राहगीरों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिया की तत्काल मरम्मत कराई जानी चाहिए।