सतना में वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद
सतना सिटी कोतवाली पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद की।
सतना। शहर में दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद की है।
सिटी कोतवाली टीआई रावेन्द्र द्विवेदी के अनुसार, नंद किशोर अग्रवाल की स्कूटी 17 जून को चोरी हुई थी। वहीं, दमहा थाना नागौद निवासी मनसुखलाल साहू की मोटरसाइकिल 11 जून को अज्ञात चोर ने पार कर दी थी। दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की थी।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर बजरहा टोला में झूलेलाल मंदिर के पास रहने वाले सोनू चौधरी को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने शहर में वाहन चोरी की दो वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी के दो दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक मनोज कुमार, चीतेन्द्र पांडेय और आरक्षक अमित कुमार एवं निर्भय कुमार सिंह की भूमिका रही।
Anubhav Dubey 
