सतना में बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार; जीप समेत चार बैटरियां बरामद
सतना की सिविल लाइन पुलिस ने ट्रकों से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। चार बैटरियां, औजार और वारदात में इस्तेमाल जीप बरामद हुई।
सतना। सिविल लाइन थाना पुलिस ने खड़े ट्रकों से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कथित रूप से चोरी की गई चार बैटरियां, औजार और वारदात में इस्तेमाल की गई जीप बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से पन्ना नाका मार्ग और सोहावल बाईपास पर खड़े ट्रकों से बैटरी चोरी की कई घटनाएं सामने आ रही थीं। एक मामले में अहरी टोला निवासी पुनीत सिंह ने सिविल लाइन थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
ट्रक चालकों ने संदिग्धों को पकड़ा
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद ट्रक चालक, परिचालक और वाहन मालिक रात में अपने वाहनों की निगरानी करने लगे थे। पुलिस के मुताबिक, पिछली रात जीप से पहुंचे तीन युवकों ने एक ट्रक से बैटरी चोरी करने का प्रयास किया। पहले से सतर्क ट्रक चालकों और मालिकों ने तीनों संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
चार बैटरी और 20 औजार बरामद
पुलिस ने आरोपियों की पहचान माधवगढ़ निवासी अमन सिंह, टिकुरिया निवासी उदय सिंह और घूरडांग निवासी अजीत कुमार रवि के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चार बैटरियां, 20 पाना-पेचकश और वारदात में इस्तेमाल की गई जीप बरामद की गई है।
पुलिस तीनों आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
Anubhav Dubey 
