भोपाल में वकील से लूट का आरोप: थाने के सामने वकीलों का चक्काजाम, होटल संचालक पर FIR की मांग

भोपाल में वकील से लूट के आरोप के बाद हबीबगंज थाने के सामने वकीलों का चक्काजाम, होटल संचालक और पुलिसकर्मी पर मिलीभगत का आरोप.

भोपाल में वकील से लूट का आरोप: थाने के सामने वकीलों का चक्काजाम, होटल संचालक पर FIR की मांग

भोपाल में एक वकील के साथ लूट और मारपीट का मामला सामने आने के बाद वकीलों में भारी आक्रोश देखने को मिला. घटना के विरोध में वकीलों ने हबीबगंज थाना के सामने चक्काजाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया. जानकारी के अनुसार, सिकंदर सिंह राजपूत नाम के वकील का गुरुवार को “घर की रसोई होटल” संचालक से खाना पार्सल कराने को लेकर विवाद हो गया था. आरोप है कि इसके बाद होटल संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर वकील के साथ मारपीट की और लूट की घटना को अंजाम दिया. पीड़ित वकील का कहना है कि आरोपियों ने उनके गले से करीब 2.5 तोला सोने की चेन लूट ली और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की.

 थाने का घेराव, वकीलों में आक्रोश

घटना के बाद जब पुलिस द्वारा तुरंत कार्रवाई नहीं की गई, तो नाराज वकीलों ने हबीबगंज थाने का घेराव कर चक्काजाम कर दिया. वकीलों की मांग है कि होटल संचालक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो.

 पुलिस पर भी आरोप

प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने हेड कांस्टेबल बबलू तिवारी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि पुलिसकर्मी की होटल संचालक से मिलीभगत है, जिसके चलते मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही. वकीलों ने मांग की है कि होटल संचालक के साथ-साथ संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाए.

देर रात की घटना

बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना गुरुवार देर रात की है. घटना के बाद से ही वकीलों में आक्रोश बना हुआ है और वे न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं.